दो दिन से लगातार हो रही बारिश से शहर पानी-पानी हो गया। ग्रेटर नोएडा की मुख्य व सेक्टरों की सड़कें, अंडरपास, जिला मुख्यालय तालाब बन गए। बारिश के कारण यातायात भी प्रभावित रहा। उधर ग्रेनो वेस्ट में यथार्थ अस्पताल के पास सड़क धंस गई। सड़क धंसने से बड़ा हादसा हो सकता था,लेकिन ग्रेनो प्राधिकरण की टीम ने तत्काल मिट्टी डालकर कटान व सड़क को ठीक कराया। वहीं बारिश ने शहर में पानी निकासी की व्यवस्था की पोल खोल दी।
ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक सेक्टर इकोटेक तीन की सभी सड़कों पर शनिवार की रात से रविवार की दोपहर तक चार से पांच फीट तक पानी भरा रहा। छोटी गाड़ियों को दूसरे रास्तों से निकाला गया। पैदल जाने वाले कर्मचारी व मजदूरों को पानी से होकर निकलना पड़ा। दादरी-सूरजपुर-छलेरा रोड पर हल्दौनी, सूरजपुर, तिलपता में पानी भरने के कारण यातायात प्रभावित रहा। दिन भर वाहन रेंगते रहे। 130 मीटर रोड़ और पाली गांव के अंडरपास में पानी भर गया। यहां पानी निकासी की व्यवस्था नहीं थी। इस कारण अंडरपासों को बंद करना पड़ा। केवल बड़े वाहन ही निकल रहे थे।
गलगोटिया अंडरपास में भी पानी भरने से यातायात प्रभातिव रहा। परी चौक, ग्रेनो वेस्ट के एक मूर्ति व हनुमान मंदिर गोल चक्कर और किसान चौक पर भी यातायात प्रभावित रहा। सूरजपुर स्थित जिला मुख्यालय का भी बुरा हाल रहा। यहां तीन से चार फीट तक पानी भर गया था। मुख्य गेट से कलेक्ट्रेट परिसर पानी में डूबा हुआ था। बाद में प्राधिकरण ने पंप लगाकर पानी को बाहर निकाला। वहीं ग्रेनो वेस्ट की कई सोसाइटियों के बेसमेंट में भी पानी भर गया। सेवियर ग्रीन आर्क सोसाइटी के निवासियों ने इसकी शिकायत प्राधिकरण से की है।