दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसमें प्यार, धोखा और अत्याचार की वो दास्तां है जिसे सुनकर आप सिहर उठेंगे। खबर है कि मुखर्जी नगर में एक बुधवार को एक 21 वर्षीय महिला को उसके पति ने पहले तो बुरी तरह पीटा फिर गर्म तवे से जला दिया। इस वक्त महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक और पीड़िता ने 9 महीने पहले ही प्रेम विवाह किया था।
मामले के बारे में जानकारी देते हुए ज्वाइंट कमिश्नर मनीष अग्रवाल ने बताया कि आशु कुमारी अपने परिजनों संग दिल्ली के गोपालपुरी में रहती थी। उसकी पहचान इंद्रा विकास निवासी सुशील रजक से हो गई। दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई तो सुशील ने आशु के सामने शादी की बात की। आशु ने परिवार से सहमति मांगी तो वह तैयार नहीं हुए, इस पर उसने युवक के साथ गुपचुप तरीके से 9 महीने पहले शादी कर ली और उसके साथ रहने लगी।
शादी के कुछ दिन बाद आशु के सारे सपने और अरमान तब धरे के धरे रह गए जब पता चला कि उसका पति तो पहले से ही शादीशुदा है। यह बात आशु को सहन नहीं हुई और उसने इसका विरोध किया। इस वजह से सुशील ने उसके साथ मारपीट कर चुप रहने की धमकी दी। इस बीच आशु गर्भवती हो गई। इसके बाद सुशील के अत्याचार दिनों-दिन बढ़ते चले गए। वह अक्सर ही उसके साथ मारपीट करने लगा।