ग्रेटर नोएडा में मणिपुर के छात्र प्रवीश की गुमशुदगी और संदिग्ध हालात में मौत के मामले में बृहस्पतिवार को पूर्वोत्तर राज्यों के युवाओं ने दिल्ली के सरदार पटेल मार्ग पर स्थित उत्तर प्रदेश हाउस के सामने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी मणिपुर स्टूडेंट यूनियन के बैनर तले प्रदर्शन करने पहुंचे थे। प्रदर्शनकारी छात्रों ने प्रवीश की हत्या का आरोप लगाते हुए जांच सीबीआई से कराने की मांग की। उन्होंने केंद्र, यूपी व मणिपुरी सरकार से मामले में हस्तक्षेप करने की भी मांग की। प्रदर्शन के चलते सरदार पटेल मार्ग पर काफी देर जाम लग गया।
मणिपुर स्टूडेंट यूनियन की अध्यक्ष विडेस्वोरी ने बताया कि ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट से आठ सितंबर को मणिपुरी छात्र प्रवीश गायब हो गया था। बाद में वह संदिग्ध हालात में मृत मिला।
पुलिस ने परिजनों को सूचना दिए बगैर अंतिम संस्कार कर दिया। विडेस्वोरी ने कहा कि यह हत्या का मामला है और प्रवीश को न्याय मिलना चाहिए। उधर, पुलिस ने यूपी हाउस के सामने चारों तरफ बैरीकेडिंग करने के साथ धारा-144 लगा दी। घंटों प्रदर्शन करने के बाद प्रदर्शनकारी यूपी हाउस के अधिकारियों को ज्ञापन देकर चले गए।