15 अगस्त को लेकर हाई अलर्ट पर दिल्ली पुलिस
- फोटो : amar ujala
दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (लॉ एण्ड ऑर्डर, जोन-एक) दीपेंद्र पाठक ने लालकिले के सुरक्षा इंतजामों के बारे में सोमवार को मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि 15 अगस्त को दिल्ली पुलिस का जमीन से लेकर आसमान तक पहरा रहेगा। लाल किले के आसपास एवं वहां पर आने जाने वाले रास्तों पर दिल्ली पुलिस के 10 हजार से ज्यादा जवान तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस बार खुफिया विभाग से जिस तरह के इनपुट मिले हैं उन्हें ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एजेंसियों के साथ तालमेल कर लालकिले का सुरक्षा चक्र बनाया जा रहा है। हर बार की तरफ इस बार भी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान लालकिले के आसपास का क्षेत्र नो फ्लाइंग जोन रहेगा। हर बार की तरह इस बार भी पतंग, गुब्बारे, ड्रोन व हल्के विमान आदि उड़ाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। 400 से ज्यादा काइट कैचर्स बलून और पतंगों को रोकने के लिए लगाए गए।