फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

पटरी पर सो रहे चार लोगों को कुचलने वाला छात्र बिना बताए घर से ले गया था कार, नहीं था लाइसेंस

Fri, 21 Apr 2017 05:20 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली
1 of 7
आई20 कार से समर्थ ने क‌िया एक्सीडेंट - फोटो : अमर उजाला
कश्मीरी गेट इलाके में बृहस्पतिवार तड़के कार से जॉय राइड के लिए निकले डीपीएस में पढ़ने वाले तीन छात्रों ने फुटपाथ पर सो रहे चार लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हैं। कार चला रहे छात्र ने कार समेत भागने की कोशिश की, लेकिन कार के अगले पहिये के क्षतिग्रस्त हो जाने की वजह पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया। जख्मी लोगों का सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। छात्र के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है। कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर कर लिया है।

2 of 7
i20 hit and run - फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने बताया कि आरोपी छात्र की पहचान मॉडल टाउन ए ब्लॉक निवासी समर्थ चुग के रूप में हुई है। उसके पिता गगन चुग का सदरबाजार में लेडिज बैग का कारोबार है। कार में मौजूद अन्य छात्रों की पहचान मॉडल टाउन ए ब्लॉक निवासी उज्जवल गोयल और रूप नगर डी ब्लॉक निवासी भव्य के रूप में हुई। तीनों छात्र मथुरा रोड स्थित डीपीएस स्कूल में 12वीं (कॉमर्स) के छात्र हैं।

3 of 7
i20 hit and run - फोटो : अमर उजाला
आई 20 कार उज्जवल के पिता राजकुमार के नाम से रजिस्टर्ड है। समर्थ और भव्य बुधवार रात उज्जवल के घर पहुंचे। रात भर पढ़ाई करने के बाद तीनों छात्र तड़के कार लेकर जॉय राइड के लिए निकल गए। कार समर्थ चुग चला रहा था। सुबह सड़क खाली होने की वजह से कार की रफ्तार काफी तेज थी। अंडरपास के ढलान पर समर्थ कार को नियंत्रित नहीं कर पाया और कार दाहिनी ओर फुटपाथ पर चढ़ गई और वहां सो रहे चार लोगों को रौंद दिया।

4 of 7
i20 hit and run - फोटो : अमर उजाला
घटना के बाद कार में बैठे भव्य और उज्जवल फरार हो गए, जबकि समर्थ ने भी कार समेत भागने की कोशिश की। हादसे में कार का अगला पहिया क्षतिग्रस्त हो गया था। इसी दौरान पीसीआर कर्मी वहां पहुंच गए और आरोपी छात्र को दबोच लिया, जबकि भाग रहे दो अन्य छात्रों को फ्लाई ओवर पर पकड़ लिया गया।   पुलिस के मुताबिक मरने वाले युवक की पहचान नहीं हो पाई है। घायलों की पहचान करावल नगर निवासी करण(26), शाहजहांपुर निवासी आसिफ (30) और गीता कॉलोनी निवासी संजय(28) के रूप में हुई। आसिफ और संजय की हालत गंभीर बनी हुई है जबकि करण को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

5 of 7
i20 hit and run - फोटो : अमर उजाला
आरोपी छात्र को बताया गया नाबालिग
घटना के बाद परिवार वालों ने आरोपी छात्र को बचाने की कोशिश की। परिवार की ओर से छात्र को नाबालिग बताया गया, लेकिन जांच में पता चला कि समर्थ की उम्र 18 साल एक महीना हो चुकी है। उसके बाद कहा गया कि समर्थ को मिर्गी की बीमारी है। पुलिस उसके मेडिकल की रिपोर्ट की जांच कर रही है। आरोपी छात्र ने बताया कि वह बिना बताए कार लेकर अपने दोस्त से मिलने के लिए मथुरा रोड जा रहा था।
विज्ञापन

6 of 7
i20 hit and run - फोटो : अमर उजाला
वहीं परिवार वालों ने बताया कि तीनों छात्र गुरुद्वारा में मत्था टेकने जा रहे थे। जांच में पुलिस ने यह भी पाया कि आरोपी छात्र का लाइसेंस नहीं बना है। वह बिना लाइसेंस कार को ड्राइव कर रहा था। पुलिस ने तीनों छात्रों का मेडिकल करवाया ताकि यह पता हो सके कि घटना के समय तीनों नशे में थे या नहीं। गौरतलब है कि पिछले साल जुलाई माह में सिविल लाइंस इलाके में 17 वर्षीय नाबालिग ने अपनी मर्सीडिज कार से एक कारोबारी को कुचल दिया था। कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गयी थी।
विज्ञापन

7 of 7
i20 hit and run - फोटो : अमर उजाला
हादसे के शिकार सभी मजदूर
पुलिस के अनुसार हादसे के शिकार सभी लोग मजदूरी और रिक्शा चलाते हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि सभी मजदूरी करने के बाद रात में हनुमान मंदिर पर खाना खाते हैं और फिर पटरी पर सो जाते हैं। पुलिस को मौके से कुछ इंजेक्शन भी मिले हैं। जिससे आशंका जताई जा रही है कि पटरी पर सोने वाले युवक नशे का भी सेवन करते थे।
Next
AU ऐप में पढ़ें