फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विजय हजारे ट्रॉफी: वैभव सूर्यवंशी ने 36 गेंद में लगाया शतक, यूसुफ पठान का रिकॉर्ड तोड़ा, रिकॉर्ड 15 छक्के जड़े

Wed, 24 Dec 2025 11:19 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 36 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया। यह लिस्ट-ए क्रिकेट में किसी भारतीय का दूसरा सबसे तेज शतक है। एशिया कप फाइनल की निराशा के कुछ दिन बाद आई यह पारी उनके आत्मविश्वास और प्रतिभा का बड़ा प्रमाण बनी।
विज्ञापन
1 of 8
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : PTI
वैभव सूर्यवंशी भारत की सीनियर टीम के दरवाजे पर जोरदार दस्तक दे रहे हैं। महज 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी में ऐसा धमाका किया कि विराट कोहली और रोहित शर्मा की घरेलू क्रिकेट में वापसी के बीच भी सारी सुर्खियां उन्हीं के नाम रहीं। बिहार की ओर से खेलते हुए वैभव ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ सिर्फ 36 गेंदों में तूफानी शतक जड़ दिया, जो लिस्ट-ए क्रिकेट में किसी भारतीय बल्लेबाज का चौथा सबसे तेज शतक है।
विज्ञापन

2 of 8
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : Twitter
एशिया कप की निराशा के बाद जोरदार जवाब
कुछ दिन पहले ही अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी का दिन खास नहीं रहा था। बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए वह 10 गेंदों पर 26 रन बनाकर आउट हो गए थे। इसके बाद भारतीय टीम का पतन शुरू हुआ और मैच हाथ से निकल गया। उस मुकाबले में पाकिस्तानी गेंदबाज अली रजा के साथ उनकी तीखी नोकझोंक और मैदान पर दिखी झुंझलाहट को लेकर भी उनकी आलोचना हुई थी, लेकिन विजय हजारे ट्रॉफी में यह शतक उसी आलोचना का करारा जवाब साबित हुआ।
विज्ञापन

3 of 8
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : सोशल मीडिया
36 गेंदों में ऐतिहासिक शतक
रांची में खेले गए मुकाबले में बिहार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर अपनाए और अरुणाचल प्रदेश के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने महज 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और अंततः 84 गेंद में 190 रन की विस्फोटक पारी खेलकर आउट हुए। इस दौरान उनके बल्ले से 16 चौके और 15 छक्के निकले। उनका स्ट्राइक रेट 226.19 का रहा।

4 of 8
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : Twitter
यूसुफ पठान का रिकॉर्ड तोड़ा
वैभव सूर्यवंशी का यह शतक भारत की ओर से लिस्ट-ए क्रिकेट में चौथा सबसे तेज शतक है। उनसे तेज शतक अनमोलप्रीत सिंह ने लगाया है, जिन्होंने 2024 में पंजाब के लिए 35 गेंदों में शतक जड़ा था। इसके अलावा 24 दिसंबर, 2025 को ही बिहार के कप्तान सकीबुल गनी ने 32 गेंद और झारखंड से खेलने वाले बिहार के ईशान किशन ने 33 गेंद में शतक जड़ दिए।

भारत के सबसे तेज लिस्ट-ए शतक
बल्लेबाज टीम गेंद
सकीबुल गनी बिहार 32
ईशान किशन झारखंड 33
अनमोलप्रीत सिंह पंजाब 35
वैभव सूर्यवंशी बिहार 36
यूसुफ पठान बड़ौदा 40
उर्विल पटेल गुजरात 41
अभिषेक शर्मा पंजाब 42
विज्ञापन

5 of 8
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : BCCI
छक्कों की बारिश, एक और रिकॉर्ड की बराबरी
इस पारी में वैभव ने 15 छक्के लगाए और विजय हजारे ट्रॉफी की एक पारी में दूसरे सबसे ज्यादा छक्के लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इससे पहले 2022 में नारायण जगदीशन ने भी अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ ही 15 छक्के जड़े थे।
विज्ञापन

6 of 8
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : @cricketcomau
आलोचना से आत्मविश्वास तक का सफर
एशिया कप में असफलता के बावजूद वैभव सूर्यवंशी ने पूरे टूर्नामेंट में 261 रन बनाए थे, जो उनकी निरंतरता को दिखाता है। विजय हजारे ट्रॉफी की यह पारी यह साबित करती है कि उम्र भले ही कम हो, लेकिन आत्मविश्वास और प्रतिभा किसी भी बड़े मंच पर असर छोड़ सकती है।
विज्ञापन

7 of 8
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : PTI
2025 में सातवां शतक, शानदार निरंतरता
यह सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में तीसरा शतक रहा। इससे पहले वह इंग्लैंड में और फिर अंडर-19 एशिया कप में भी एक शतक जमा चुके हैं। 2025 में यह उनका सातवां शतक है, जो उनकी जबरदस्त निरंतरता को दर्शाता है। हाल ही में सूर्यवंशी ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में महाराष्ट्र के खिलाफ अपना पहला टी20 शतक जड़ा। उन्होंने सिर्फ 57 गेंदों में 108 रन* बनाए, जिसमें सात छक्के और सात चौके शामिल थे। वहीं, अंडर-19 एशिया कप में उन्होंने 95 गेंदों में 171 रन की पारी खेली और इस पारी में नौ चौके और 14 छक्के लगाए थे।
विज्ञापन

8 of 8
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : ANI
राइजिंग स्टार्स और IPL में भी जबरदस्त प्रदर्शन
इसी साल दोहा में हुए राइजिंग स्टार्स एशिया कप में वह भारत ए टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ी थे। भले ही भारत सेमीफाइनल हार गया, लेकिन वैभव ने टूर्नामेंट में 239 रन बनाए, जिसमें यूएई के खिलाफ 32 गेंदों में शतक भी शामिल था। सिर्फ 12 साल की उम्र में रणजी डेब्यू करने वाले वैभव ने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए भी देशभर में सुर्खियां बटोरीं। अपने पहले IPL सीजन में उन्होंने 206.55 का स्ट्राइक रेट बनाए रखा और गुजरात टाइटंस के खिलाफ 38 गेंदों में 101 रन जड़कर आईपीएल इतिहास के दूसरे सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड बनाया और सबसे कम उम्र के आईपीएल शतकवीर बन गए थे। उन्होंने सबसे तेज आईपीएल शतक लगाने वाले भारतीय के मामले में यूसुफ पठान का रिकॉर्ड तोड़ा था। वैभव ने 35 गेंद पर शतक पूरा किया, जबकि यूसुफ ने 2010 में  37 गेंदों में शतक जड़ा था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें