लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए आईपीएल डेब्यू करने वाले अर्जुन तेंदुलकर को सचिन तेंदुलकर ने भावुक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बधाई दी। सचिन ने अर्जुन के धैर्य, मेहनत और सकारात्मक रवैये की सराहना की। अर्जुन ने पंजाब किंग्स के खिलाफ गेंदबाजी में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अपना पहला आईपीएल विकेट भी हासिल किया।
आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए डेब्यू करने वाले अर्जुन तेंदुलकर को उनके पिता और महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने खास अंदाज में बधाई दी। पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में अर्जुन ने भले ही टीम को जीत नहीं दिलाई, लेकिन अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान जरूर खींचा। मैच के बाद सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए बेटे अर्जुन की तारीफ की। उनका यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
2 of 4
सचिन और अर्जुन
- फोटो : ANI
सचिन ने अर्जुन की मेहनत और धैर्य की सराहना की
सचिन तेंदुलकर ने अपने पोस्ट में लिखा, 'शाबाश अर्जुन। मुझे इस पूरे सीजन में तुम्हारे रवैये पर गर्व है। तुमने अपनी क्षमता पर भरोसा बनाए रखा, धैर्य रखा, चुपचाप मेहनत की और आखिरी मैच तक मौका नहीं मिलने के बावजूद सकारात्मक बने रहे।' उन्होंने आगे कहा, 'क्रिकेट सिर्फ कौशल ही नहीं, बल्कि धैर्य की भी परीक्षा लेता है और आज तुमने दोनों को शानदार तरीके से संभाला। जमीन से जुड़े रहो और खेल से हमेशा प्यार करते रहो। हमेशा प्यार।' सचिन के इस संदेश को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है और क्रिकेट प्रशंसक इसे बेहद भावुक पोस्ट बता रहे हैं।
विज्ञापन
3 of 4
सचिन और अर्जुन
- फोटो : ANI
गेंदबाजी में दिखाया दम
आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जाएंट्स प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी थी, जिसके बाद टीम ने अपने आखिरी लीग मुकाबले में अर्जुन तेंदुलकर को डेब्यू का मौका दिया। अर्जुन ने बल्लेबाजी में पांच गेंदों पर पांच रन बनाए, लेकिन गेंदबाजी में उन्होंने ज्यादा प्रभावित किया। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्जुन ने चार ओवर में 36 रन देकर एक विकेट लिया। उनका इकॉनमी रेट टीम के अन्य गेंदबाजों से बेहतर रहा। अर्जुन अपने पहले ही ओवर में प्रभसिमरन सिंह का विकेट हासिल कर सकते थे, लेकिन कप्तान ऋषभ पंत ने आसान कैच छोड़ दिया। हालांकि अर्जुन ने हार नहीं मानी और अपने तीसरे ओवर में शानदार यॉर्कर डालकर प्रभसिमरन सिंह को एलबीडब्ल्यू आउट किया।
मुंबई इंडियंस से अलग नई शुरुआत
आईपीएल 2026 अर्जुन तेंदुलकर के करियर के लिए खास माना जा रहा है क्योंकि यह पहला मौका है जब वह मुंबई इंडियंस के अलावा किसी दूसरी फ्रेंचाइजी के लिए खेल रहे हैं। आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले अर्जुन को मुंबई इंडियंस से लखनऊ सुपर जाएंट्स में ट्रेड किया गया था। नए माहौल में मिले पहले मौके पर उन्होंने अपनी प्रतिभा की झलक दिखाई।