फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AFG: क्या Ro-Ko के साथ खेलने का सपना होगा पूरा? टीम इंडिया में पहली बार चुने गए हर्ष दुबे ने कही यह बात

Wed, 03 Jun 2026 12:53 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए पहली बार भारतीय टीम में चुने गए विदर्भ के ऑलराउंडर हर्ष दुबे ने कहा कि विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ खेलना उनके लिए सपने के सच होने जैसा होगा। युवा खिलाड़ी ने बताया कि बचपन से वह दोनों दिग्गजों को खेलते हुए देखते आए हैं और उनके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का मौका मिलना उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक होगा।
विज्ञापन
1 of 5
हर्ष दुबे - फोटो : ANI
अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में पहली बार चुने गए बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज ऑलराउंडर हर्ष दुबे इन दिनों बेहद उत्साहित हैं। विदर्भ के लिए घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले दुबे को चयनकर्ताओं ने उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन का इनाम दिया है।

रणजी ट्रॉफी 2024-25 में विदर्भ की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाने वाले दुबे ने 2025 में टीम को विजय हजारे ट्रॉफी का पहला खिताब भी दिलाया था। अब उन्हें भारत की वनडे टीम में मौका मिला है, जहां वह तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और गुरनूर बराड़ के साथ तीन अनकैप्ड खिलाड़ियों में शामिल हैं।
विज्ञापन

2 of 5
टी20 विश्व कप ट्रॉफी के साथ कोहली और रोहित - फोटो : ANI
रोहित और विराट के साथ खेलना सबसे बड़ा सपना
हर्ष दुबे ने कहा कि किसी भी युवा क्रिकेटर की तरह उनके लिए भी विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ खेलना एक बड़ा सपना है। उन्होंने कहा, 'अगर आप किसी युवा क्रिकेटर से पूछेंगे कि वह इस समय किन खिलाड़ियों के साथ खेलना चाहता है, तो सबसे पहले विराट कोहली और रोहित शर्मा का नाम आएगा। मैं उन्हें बचपन से खेलते हुए देखता आया हूं। जब से मैंने क्रिकेट को समझना शुरू किया, तब से वे भारत के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और विश्व क्रिकेट पर राज कर रहे हैं। ऐसे में उनके साथ खेलने का मौका मिलना मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि होगी।'

दुबे ने आगे कहा, 'मैं हमेशा चाहता था कि उनके संन्यास लेने से पहले या उनके करियर के अंतिम दौर में कम से कम किसी एक दिग्गज के साथ खेलने का मौका मिले। अगर मुझे उनके साथ एक भी मैच खेलने का अवसर मिला तो वह मेरे लिए सपने के सच होने जैसा होगा।'
विज्ञापन

3 of 5
हर्ष दुबे - फोटो : ANI
चयन की खबर सुनकर नहीं हुआ यकीन
युवा ऑलराउंडर ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतनी जल्दी भारतीय टीम से बुलावा आ जाएगा। उन्होंने कहा, 'सच कहूं तो जब मेरा नाम श्रीलंका-ए वनडे त्रिकोणीय सीरीज के लिए आया, तब मुझे लगा कि मैं अभी टीम इंडिया की योजनाओं में नहीं हूं। इसलिए मैंने खुद से कहा कि फिलहाल आईपीएल पर ध्यान देना है। मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि मेरा नाम भारतीय टीम के लिए भी आ सकता है, वह भी दोनों प्रारूपों में।'

दुबे ने उस पल को भी याद किया जब उन्हें अपने चयन की जानकारी मिली। उन्होंने कहा, 'हम एयरपोर्ट पहुंचे थे और पता चला कि फ्लाइट एक घंटे लेट है। तभी मुझे एक क्रिकेट सोशल मीडिया पेज से फोन आया। उन्होंने पूछा कि वनडे सीरीज में चयन को लेकर कैसा महसूस कर रहा हूं। शोर और नेटवर्क की वजह से मुझे लगा कि वह श्रीलंका-ए सीरीज की बात कर रहे हैं। फोन रखने के बाद अचानक कई संदेश आने लगे कि मुझे टेस्ट और वनडे दोनों टीमों में चुना गया है। मैं कुछ मिनट तक समझ ही नहीं पाया कि आखिर हुआ क्या है। सच कहूं तो ऐसा लग रहा था जैसे मैं कोई सपना देख रहा हूं।'

4 of 5
क्रिकेटर हर्ष दुबे अपने माता पिता के साथ । स्रोत परिजन
भविष्य नहीं, वर्तमान पर है फोकस
हालांकि कई लोग उन्हें भारत के भविष्य के स्पिन विकल्प के रूप में देख रहे हैं, लेकिन दुबे फिलहाल लंबी योजनाओं के बारे में नहीं सोच रहे। उन्होंने कहा, 'हर क्रिकेटर भारत के लिए लंबे समय तक खेलना चाहता है, लेकिन मैं बहुत आगे की नहीं सोचता। मेरा ध्यान हमेशा अगले मैच पर रहता है। अगर आज आईपीएल खेल रहा हूं तो मेरा फोकस उसी पर है और अगर कल भारत के लिए खेलूंगा तो टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने पर ध्यान दूंगा।'
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
हर्ष दुबे - फोटो : IPL
गिल की कप्तानी को लेकर कही यह बात
अफगानिस्तान सीरीज में भारत के कप्तान शुभमन गिल होंगे और दुबे उनके नेतृत्व में खेलने को लेकर भी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, 'मैं शुभमन गिल को करीब से समझना चाहता हूं क्योंकि विपक्षी खिलाड़ी के तौर पर आप किसी कप्तान को पूरी तरह नहीं जान सकते। मुझे ऐसे कप्तानों के साथ खेलना पसंद है जो मैदान पर आक्रामक और प्रतिस्पर्धी हों। मैदान के बाहर आप कितने भी शांत क्यों न हों, लेकिन मैदान पर वह आक्रामकता जरूरी होती है और मुझे ऐसे खिलाड़ियों के साथ खेलना अच्छा लगता है।' अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टेस्ट और वनडे सीरीज अब हर्ष दुबे के करियर का सबसे बड़ा अध्याय साबित हो सकती है, जहां उनकी नजरें टीम इंडिया में अपनी छाप छोड़ने पर होंगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें