ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने विराट कोहली और रोहित शर्मा के बजाय इस भारतीय क्रिकेटर को अपने करियर में सामना किया सबसे मुश्किल भारतीय बल्लेबाज बताया है। कमिंस ने उनकी धैर्य और लंबे समय तक क्रीज पर टिके रहने की क्षमता की तारीफ करते हुए कहा कि वह गेंदबाजों को गलती करने का मौका नहीं देते थे।
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने अपने करियर में सामना किए सबसे मुश्किल भारतीय बल्लेबाज का नाम बताया है। खास बात यह है कि उन्होंने विराट कोहली या रोहित शर्मा को नहीं, बल्कि टेस्ट क्रिकेट में अपनी डिफेंसिव बल्लेबाजी और धैर्य के लिए पहचाने जाने वाले चेतेश्वर पुजारा को चुना। कमिंस के मुताबिक, पुजारा के खिलाफ गेंदबाजी करना इसलिए मुश्किल था क्योंकि वह लंबे समय तक क्रीज पर टिके रह सकते थे और गेंदबाजों को विकेट लेने का मौका आसानी से नहीं देते थे।
विज्ञापन
2 of 5
चेतेश्वर पुजारा
- फोटो : ANI
'100 डॉट गेंदें खेलने में भी उन्हें दिक्कत नहीं'
हाल ही में एक बातचीत के दौरान कमिंस से अलग-अलग देशों के उन सबसे मुश्किल खिलाड़ियों का नाम पूछा गया, जिनका उन्होंने अपने करियर में सामना किया। भारत के लिए उन्होंने पुजारा का नाम लिया। कमिंस ने कहा, 'भारत के लिए मैं पुजारा का नाम लूंगा। उन्हें आउट करना वाकई बहुत मुश्किल है। यह ऐसा है जैसे हजारों छोटे-छोटे कागजी कट लगते रहें। अगर वह चाहें तो 100 डॉट गेंदें खेलने में भी उन्हें कोई दिक्कत नहीं होगी। वह आपको मौका नहीं देने वाले।' कमिंस का इशारा पुजारा की उस बल्लेबाजी शैली की ओर था, जिसमें वह खराब गेंद का इंतजार करते हुए लंबे समय तक क्रीज पर टिके रहते थे। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के खिलाफ भी पुजारा कई बार भारतीय पारी को संभाल चुके हैं।
पाकिस्तान से अजमल, इंग्लैंड से कुक
कमिंस ने पाकिस्तान के लिए पूर्व ऑफ स्पिनर सईद अजमल का नाम लिया। उन्होंने अजमल की गेंदबाजी को अपने लिए बेहद असामान्य अनुभव बताया। उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान के लिए सईद अजमल। यह बिल्कुल अलग तरह के गेंदबाज थे। मैं ओवर की आखिरी गेंद पर आया और सईद अजमल ने गेंद फेंकी। मैंने सोचा, ये क्या था? और मैं क्लीन बोल्ड हो गया। मैंने ऐसा कुछ पहले कभी नहीं देखा था।' इंग्लैंड के लिए कमिंस ने पूर्व कप्तान एलिस्टेयर कुक, दक्षिण अफ्रीका के लिए एबी डिविलियर्स, न्यूजीलैंड के लिए ब्रेंडन मैकुलम, श्रीलंका के लिए तिलकरत्ने दिलशान और वेस्टइंडीज के लिए क्रिस गेल को चुना।
4 of 5
चेतेश्वर पुजारा
- फोटो : ANI
पुजारा ने पिछले साल लिया संन्यास
कमिंस की सूची में शामिल सभी खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। पुजारा ने पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। उन्होंने भारत के लिए 103 टेस्ट मैचों में 7,195 रन बनाए। उनका बल्लेबाजी औसत 43.60 रहा और उन्होंने 19 शतक व 35 अर्धशतक लगाए। पुजारा ने भारत के लिए पांच वनडे भी खेले, जिनमें उनके नाम 51 रन हैं।
दक्षिण अफ्रीका दौरे पर जाएगी ऑस्ट्रेलिया
इस बीच कमिंस की ऑस्ट्रेलियाई टीम दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर जाएगी, जहां उसे तीन वनडे और तीन टेस्ट खेलने हैं। ऑस्ट्रेलिया फिलहाल जिम्बाब्वे में तीन वनडे की सीरीज खेल रहा है। कमिंस वनडे मुकाबलों के लिए दक्षिण अफ्रीका में टीम से जुड़ेंगे। इसके बाद दोनों टीमों के बीच टेस्ट सीरीज नौ अक्तूबर से शुरू होगी।