फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टॉप-11: पेशेवर क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय पेसर्स कौन? सूची में आरपी-मुनाफ और नेहरा शामिल नहीं

Fri, 04 Sep 2026 05:51 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

पेशेवर क्रिकेट में प्रथम श्रेणी, लिस्ट-ए और टी20 के मुकाबले शामिल हैं। भारत के कई दिग्गज तेज गेंदबाज इस सूची में शामिल हैं, और कुछ का नहीं होना इस लिस्ट में चौंकाने वाला है। आइए पूरी सूची देखते हैं...
विज्ञापन
1 of 12
बाएं से- पठान, विनय, शमी, जहीर और उनादकट - फोटो : Twitter
क्रिकेट में किसी गेंदबाज की महानता सिर्फ अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड से नहीं, बल्कि उसके पूरे पेशेवर करियर में लिए गए विकेटों से भी आंकी जाती है। भारत ने एक से बढ़कर एक दिग्गज तेज गेंदबाज दिए हैं, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक अपनी छाप छोड़ी। दिलचस्प बात यह है कि जब पेशेवर क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय तेज गेंदबाजों की टॉप-11 सूची सामने आती है, तो कुछ बेहद बड़े नाम इसमें नजर नहीं आते।

मुनाफ पटेल, अजीत अगरकर, आरपी सिंह, प्रवीण कुमार, श्रीसंत और आशीष नेहरा जैसे स्टार गेंदबाज इस सूची से बाहर हैं। पेशेवर क्रिकेट से मतलब है किसी गेंदबाज का प्रथम श्रेणी, लिस्ट-ए और सभी तरह के टी20 में विकेट। आइए टॉप-11 की लिस्ट देखते हैं...
विज्ञापन

2 of 12
उमेश यादव - फोटो : BCCI
11. उमेश यादव: 779 विकेट
भारत के तेज गेंदबाज उमेश यादव पेशेवर क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों की सूची में 11वें स्थान पर आते हैं। उन्होंने प्रथम श्रेणी में 380 विकेट, लिस्ट-ए में 194 विकेट और टी20 में 205 विकेट लिए। प्रथम श्रेणी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 48 रन देकर सात विकेट है, जबकि लिस्ट-ए में 26 रन देकर पांच विकेट और टी20 में 18 रन देकर पांच विकेट है। उमेश ने भारत के लिए अपना पिछला मैच 2023 में खेला था। वह मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल था।
विज्ञापन

3 of 12
भुवनेश्वर कुमार - फोटो : IPL
10. भुवनेश्वर कुमार: 813 विकेट
भारत के एक और स्टार पेसर भुवनेश्वर कुमार इस लिस्ट में 10वें स्थान पर हैं। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 231 विकेट, लिस्ट-ए में 219 विकेट और टी20 में 363 विकेट लिए हैं। अपनी घातक स्विंग के लिए पहचाने जाने वाले भुवनेश्वर ने आईपीएल के पिछले दो सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई है। प्रथम श्रेणी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 41 रन देकर आठ विकेट है, जबकि लिस्ट-ए में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 42 रन देकर पांच विकेट है। टी20 में भुवी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन चार रन देकर पांच विकेट है। भुवी पिछले काफी समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने अपना पिछला अंतरराष्ट्रीय मैच नवंबर 2022 में खेला था, जो कि न्यूजीलैंड के खिलाफ नेपियर में एक टी20 मैच था।

4 of 12
इरफान पठान - फोटो : ANI
9. इरफान पठान: 829 विकेट
भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान इस लिस्ट में नौवें स्थान पर हैं। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 384 विकेट लिए, जबकि लिस्ट-ए में उनके नाम 272 विकेट हैं। टी20 में पठान ने 173 विकेट निकाले। प्रथम श्रेणी में पठान का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 35 रन देकर सात विकेट है। वहीं, लिस्ट ए में 27 रन देकर पांच विकेट उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी है। टी20 में पठान का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 13 रन देकर पांच विकेट है। 
विज्ञापन

5 of 12
ईशांत शर्मा - फोटो : PTI
8. ईशांत शर्मा: 845 विकेट
भारत के दिग्गज तेज गेंदबाजों में शुमार ईशांत शर्मा इस लिस्ट में आठवें स्थान पर हैं। अपना पिछला अंतरराष्ट्रीय मैच 2023 में खेलने वाले ईशांत ने अभी तक क्रिकेट से संन्यास का एलान नहीं किया है। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 486 विकेट लिए। वहीं, लिस्ट-ए में उनके नाम 201 विकेट हैं। टी20 में ईशांत ने कुल मिलाकर 158 विकेट लिए। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में ईशांत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 24 रन देकर सात विकेट है, जबकि लिस्ट-ए में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 21 रन देकर पांच विकेट है। टी20 में ईशांत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 12 रन देकर पांच विकेट है।
विज्ञापन

6 of 12
जसप्रीत बुमराह - फोटो : ANI
7. जसप्रीत बुमराह: 878 विकेट
भारत के महान तेज गेंदबाजों में शुमार हो चुके जसप्रीत बुमराह इस लिस्ट में सातवें स्थान पर हैं। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 326 विकेट, लिस्ट-ए में 203 विकेट और टी20 में 349 विकेट लिए हैं। बुमराह का प्रथम श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 27 रन देकर छह विकेट, लिस्ट-ए में 19 रन देकर छह विकेट और टी20 में 10 रन देकर पांच विकेट है। विराट कोहली बुमराह को राष्ट्रीय धरोहर तक कह चुके हैं।
विज्ञापन

7 of 12
मोहम्मद शमी - फोटो : ANI
6. मोहम्मद शमी: 903 विकेट
भारत के स्टार पेसरों में शुमार शमी ने हाल ही में पेशेवर क्रिकेट में 900 विकेट पूरे किए हैं। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 382 विकेट, लिस्ट-ए में 283 विकेट और टी20 में 238 विकेट झटके हैं। प्रथम श्रेणी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 90 रन देकर आठ विकेट है, जबकि लिस्ट-ए में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 57 रन देकर सात विकेट है। वहीं, टी20 में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 11 रन देकर चार विकेट है। शमी फिलहाल 36 साल के हैं और समय समय पर टीम इंडिया में उनकी वापसी की मांग उठती रहती है। उन्होंने अपना पिछला अंतरराष्ट्रीय मैच मार्च 2025 में खेला था।  

8 of 12
विनय कुमार - फोटो : IANS
5. विनय कुमार: 923 विकेट
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज विनय कुमार इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर हैं। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 504 विकेट और लिस्ट-ए में 225 विकेट लिए हैं। टी20 में उनके नाम 194 विकेट हैं। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 32 रन देकर आठ विकेट है। वहीं, लिस्ट-ए में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 34 रन देकर पांच विकेट है। टी20 में विनय कुमार का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन चार रन देकर चार विकेट है। विनय ने भारत के लिए एक टेस्ट, 31 वनडे और नौ टी20 खेले। 

9 of 12
श्रीनाथ - फोटो : Twitter
4. जवागल श्रीनाथ: 940 विकेट
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ इस लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं। श्रीनाथ ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 533 विकेट और लिस्ट ए में 407 विकेट लिए। उनके समय टी20 क्रिकेट नहीं आया था। श्रीनाथ को भारत के सबसे तेज और महान तेज गेंदबाजों में गिना जाता है। प्रथम श्रेणी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 76 रन देकर नौ विकेट है। लिस्ट-ए में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 23 रन देकर पांच विकेट है।

10 of 12
जयदेव उनादकट - फोटो : ANI
3. जयदेव उनादकट: 941 विकेट
भारतीय तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं। उनादकट पेस में वेरिएशन के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 495 विकेट, लिस्ट-ए में 185 विकेट और टी20 में 261 विकेट लिए हैं। प्रथम श्रेणी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 39 रन देकर आठ विकेट है। वहीं, लिस्ट-ए में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 23 रन देकर पांच विकेट है। टी20 में 25 रन देकर पांच विकेट उनका बेस्ट बॉलिंग परफॉर्मेंस है। उनादकट ने भारत के लिए चार टेस्ट, आठ वनडे और 10 टी20 खेले हैं। उन्होंने अपना पिछला अंतरराष्ट्रीय मैच अगस्त 2023 में खेला था।

11 of 12
जहीर खान - फोटो : PTI
2. जहीर खान: 1168 विकेट
इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर भारत के दिग्गज तेज गेंदबाजों में शुमार जहीर खान हैं। जहीर ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 672 विकेट लिए। वहीं, लिस्ट-ए में उनके नाम 357 विकेट हैं। टी20 में जहीर ने 139 विकेट लिए। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 138 रन देकर नौ विकेट है, जबकि लिस्ट-ए में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 42 रन देकर पांच विकेट है। टी20 में जहीर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 17 रन देकर चार विकेट है। 
विज्ञापन

12 of 12
1983 वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ कपिल देव - फोटो : twitter
1. कपिल देव: 1170 विकेट
इस लिस्ट में सबसे ऊपर यानी नंबर-1 स्थान पर महान ऑलराउंडर कपिल देव हैं। कपिल ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 835 विकेट और लिस्ट-ए में 335 विकेट लिए। प्रथम श्रेणी में कपिल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 83 रन देकर नौ विकेट है, जबकि लिस्ट-ए में कपिल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 43 रन देकर पांच विकेट है। कपिल 1983 में पहली बार विश्वकप जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान रहे थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें