फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himanshu Sangwan: कौन हैं रेलवे से खेलने वाले हिमांशु सांगवान? रणजी में विराट कोहली को आउट कर बटोरी सुर्खियां

Fri, 31 Jan 2025 03:29 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

हिमांशु सांगवान अब एक ऐसा नाम बन चुके हैं, जिसे भारतीय क्रिकेट फैंस लंबे समय तक याद रखने वाले हैं। पेसर ने विराट कोहली को आउट करके उनकी बहुप्रतीक्षित रणजी ट्रॉफी वापसी को खराब कर दिया।
विज्ञापन
1 of 4
हिमांशु सांगवान ने विराट को क्लीन बोल्ड किया - फोटो : Twitter
ऐसा कम ही होता है जब कोई घरेलू खिलाड़ी किसी भारतीय स्टार के खिलाफ परफॉर्म करने के बाद सुर्खियों में आया हो, लेकिन इस रणजी ट्रॉफी सीजन में ऐसा हुआ है। दिल्ली और रेलवे के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले ने विराट कोहली की वजह से सुर्खियां बटोरी थीं। हालांकि, अब हिमांशु सांगवान चर्चा में हैं। दरअसल, हिमांशु ने दिल्ली की पहली पारी के दौरान विराट की 12 साल बाद रणजी में वापसी के प्लान पर पानी फेर दिया। उन्होंने विराट को क्लीन बोल्ड कर तहलका मचा दिया। विराट 15 गेंद में एक चौके की मदद से सिर्फ छह रन बना सके। हिमांशु ने इनस्विंग गेंद पर विराट को आउट किया। इसके बाद से हिमांशु सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए हैं।
विज्ञापन

2 of 4
हिमांशु सांगवान - फोटो : Twitter
हिमांशु का नाम याद रखेंगे फैंस
हिमांशु सांगवान अब एक ऐसा नाम बन चुके हैं, जिसे भारतीय क्रिकेट फैंस लंबे समय तक याद रखने वाले हैं। पेसर ने विराट कोहली को आउट करके उनकी बहुप्रतीक्षित रणजी ट्रॉफी वापसी को खराब कर दिया। हजारों फैंस सिर्फ विराट को देखने के लिए आए थे। कोहली को 12 साल पहले रणजी में खेलता देखने के लिए 5000 दर्शक इकट्ठा हुए थे, लेकिन इस मैच में 10 हजार से ज्यादा फैंस पहुंचे, लेकिन उनके लिए यह मजा ज्यादा देर तक नहीं चला। कोहली के ऑफ स्टंप को दिल्ली की पहली पारी के 28वें ओवर में रेलवे के तेज गेंदबाज हिमांशु सांगवान ने उखाड़ फेंका। इसके बाद ज्यादातर फैंस स्टेडियम छोड़कर जाते दिखे।
विज्ञापन

3 of 4
हिमांशु सांगवान - फोटो : Twitter
कौन हैं हिमांशु सांगवान?
29 वर्षीय तेज गेंदबाज हिमांशु का जन्म दो सितंबर 1995 को दिल्ली में हुआ था। उन्होंने 2019 में रेलवे के लिए अपनी लिस्ट ए की शुरुआत की। 27 सितंबर को वह 2019-20 विजय हजारे ट्रॉफी में रेलवे टीम के लिए खेले थे। हिमांशु ने इसके बाद 8 नवंबर को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में टी20 में डेब्यू किया और नौ दिसंबर को रणजी ट्रॉफी में रेलवे के साथ पहली बार लाल गेंद के मैच में उतरे।

लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले हिमांशु दिल्ली के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच से पहले 77 प्रथम श्रेणी विकेट ले चुके थे। इससे पहले वह 23 रणजी ट्रॉफी मैच खेल चुके थे। सफेद गेंद के प्रारूप में हिमांशु ने 17 लिस्ट-ए मैचों में 21 विकेट और सात टी20 मैचों में पांच विकेट लिए हैं। नवंबर 2012 के बाद पहली बार कोई घरेलू टूर्नामेंट का मैच खेलने से पहले कोहली ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान अपनी बल्लेबाजी की खामियां ढूंढने के लिए पूर्व भारतीय कोच संजय बांगड़ के साथ ट्रेनिंग की थी और ऑफ-स्टंप के बाहर की गेंद की खामी को दूर करने का प्रयास किया था। 
विज्ञापन

4 of 4
हिमांशु सांगवान - फोटो : Twitter
कोहली के लिए जुटी थी भीड़
कोहली जब बल्लेबाजी के लिए आए थे तो उनका फैंस ने जोरदार स्वागत किया था। हालांकि, वह कुछ ही समय बाद पवेलियन लौटते दिखे। छह रन बनाने के बाद कोहली ने दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हिमांशु पर हावी होने का फैसला किया। क्रीज के बाहर खड़े होकर कोहली ने हिमांशु की गेंद पर चौका भी लगाया, लेकिन फिर आनंद लेने की बारी हिमांशु की थी। पहले सत्र में गेंद थोड़ी सीम और स्विंग हो रही थी। हालांकि, कोहली हिमांशु पर हावी होने के प्रयास में अगली ही गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। कोहली एक गुड लेंथ गेंद पर ड्राइव के लिए गए, लेकिन वह चूके और गेंद स्टंप में जा घुसी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें