भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच वन डे मैचों की सीरीज का चौथा मैच गुरुवार को बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। हार से निराश कंगारू टीम को बेंगलुरू में राहत मिल सकती है। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ पर सीरीज में वापसी का दबाव है। मीडिया और क्रिकेट विशेषज्ञ उन पर निशाना साध रहे हैं। विदेश में कंगारू टीम ने 13 में से 11 वन डे हार चुकी है। इस सीरीज में वह लगातार तीन मैच हार चुके हैं। स्मिथ इस मैच में पूरी रणनीति के साथ उतरेंगे ताकि उन्हें अब हार नहीं मिले। वहीं टीम इंडिया के पास इतिहास रचने का मौका है। टीम इंडिया पिछले नौ मैच में जीत दर्ज की है। बेंगलुरू वन डे जीतकर वह लगातार दस मैच जीतने का रिकॉर्ड बनाना चाहेगी।
विराट का बल्ला यहां हमेशा खामोश रहता है
विराट कोहली, धोनी और कुलदीप यादव
यहां टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली का बल्ला हमेशा खामोश रहता है। आईपीएल में आरसीबी के कप्तान विराट कोहली ने चिन्नास्वामी में ढेरों रन बनाए हों लेकिन वन डे इंटरनेशनल में विराट यहां सात सालों में एक भी अर्धशतक नहीं बना पाए हैं। वन डे की यहां चार पारियों में उन्होंने महज 42 रन बनाए हैं। उनका यहां सर्वाधिक स्कोर 34 है। जो उन्होंने विश्व कप 2011 में 6 मार्च को आयरलैंड के खिलाफ बनाया था। आयरलैंड के खिलाफ विराट कोहली रन आउट हुए थे। कंगारुओं के खिलाफ 2013 की पिछली घरेलू सीरीज में विराट यहां 0 पर रन आउट हो गए थे। विराट 7 दिसंबर 2010 को यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ भी शून्य पर आउट हो चुके हैं। 27 फरवरी 2011 को इंग्लैंड के खिलाफ विश्व कप 2011 में विराट यहां 8 रन पर बोल्ड हो गए थे।
रोहित ने जमाया है दोहरा शतक
रोहित शर्मा
सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने यहीं कंगारुओं के खिलाफ 2 नवंबर 2013 को 209 रनों की पारी खेली थी। रोहित शर्मा की पारी की वजह से टीम इंडिया ने वन डे सीरीज जीती थी। रोहित के शतक की मदद से भारत ने 383 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में कंगारुओं ने जेम्स फॉकनर के 116 रनों की मदद से 347 रन बना दिए थे।
टीम इंडिया का रिकॉर्ड यहां बेहतर है
टीम इंडिया
टीम इंडिया ने यहां 19 मैचों में 13 में जीत दर्ज की है। 4 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। एक टाई और एक मैच में कोई परिणाम नहीं निकला है। जीत का रिकॉर्ड देखकर अनुमान लगाया जा सकता है कि टीम इंडिया यहां ऑस्ट्रेलिया को हराकर सीरीज में 4-0 की बढ़त हासिल कर सकती है।
विश्व कप 2011 का मैच यहां हुआ था टाई
टीम इंडिया जर्सी
- फोटो : CricketT
27 फरवरी 2011 को विश्व कप में खेला गया भारत और इंग्लैंड का मैच यहां टाई हो गया था। टीम इंडिया ने सचिन तेंदुलकर के शानदार 120 रनों की बदौलत 338 रन बनाए थे। लेकिन इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज एंड्रयू स्टॉस के शानदार 158 रनों की बदौलत इंग्लैंड ने भी 338 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया था।
इस मैदान की पिच बल्लेबाजी के लिए है स्वर्ग
विराट कोहली
- फोटो : IPL official web
चिन्नास्वामी की पिच अमूमन बल्ल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जाती है। यहां बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका मिलता है। छोटी बाउंड्री की वजह से बल्लेबाज आसानी से लंबे शॉट लगा लेते हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में भी 300 के करीब रन बनने की उम्मीद व्यक्त की गई है। ओस की वजह से फ्लड लाइट में यहां रनों का पीछा करना आसान होता है।