फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोहली की विराट उपलब्धियां: 18 वर्षों का अंतरराष्ट्रीय करियर, अब खेलते हैं एक प्रारूप; कितने आईसीसी खिताब जीते?

Thu, 05 Nov 2026 07:05 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • पांच नवंबर 1988 को जन्मे विराट कोहली आज अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं।
  • कोहली फिलहाल पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड दौरे पर हैं। अपने करियर के आखिरी पड़ाव में चल रहे कोहली के नाम कई उपलब्धियां दर्ज है।
  • अपने 18 वर्षों के अंतरराष्ट्रीय करियर में विराट कई मुकाम अपने नाम कर चुके हैं।
विज्ञापन
1 of 4
विराट कोहली का जन्मदिन - फोटो : IANS
भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली आज 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। कोहली का जन्म पांच नवंबर 1988 को दिल्ली में हुआ था। कोहली पिछले 18 वर्षों से भारतीय टीम का अहम चेहरा रहे हैं। जब क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर अपने करियर के अंतिम पड़ाव में थे, उस वक्त कोहली नाम का सितारा अपनी पहचान बना रहा था। अब कोहली अपने क्रिकेट के अंतिम दौर में हैं और वह उनकी गिनती आज दुनिया के महानतम बल्लेबाजों में होती है। कई मामलों में तो कोहली सचिन को भी पीछे छोड़ चुके हैं। कोहली के जन्मदिन के मौके पर एक नजर उनके अंतरराष्ट्रीय करियर पर भी डालते हैं... 
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 4
विराट कोहली - फोटो : PTI
तीन वनडे और एक टी20 ट्रॉफी अपने नाम की 
कोहली ने 18 अगस्त 2008 को श्रीलंका के खिलाफ वनडे में डेब्यू किया था, लेकिन अपने पहले मैच में वह 12 रन बनाकर आउट हो गए थे। हालांकि, इसके बाद उन्होंने पीछे मुढ़कर नहीं देखा और नई ऊंचाइयों पर पहुंच गए। किंग कोहली और द रन मशीन के नाम से क्रिकेट जगत में प्रसिद्ध विराट ने तमाम ऐसे रिकॉर्ड्स बनाए हैं जिन्हें तोड़ पाना मुश्किल है। उन्हें कई बार कठिनाइयों का भी सामना करना पड़ा, खास कर जब वह आउट ऑफ फॉर्म रहे। अपनी प्रतिबद्धता, क्रिकेट के जुनून और कड़ी मेहनत ने उन्हें नई बुलंदियों पर पहुंचा दिया। अपने 18 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में वह भारतीय टीम की तीनों प्रारूपों में कमान संभाल चुके हैं। कोहली 2011 वनडे विश्व कप, 2013 और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी और 2024 टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। यानी कोहली के नाम चार आईसीसी खिताब हैं। हालांकि, उनकी नजर अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप खेलने पर टिकी हुई हैं जो उनका आखिरी विश्व कप भी होगा। 
विज्ञापन

3 of 4
विराट कोहली का जन्मदिन - फोटो : BCCI
कोहली की वनडे में उपलब्धियां
कोहली का बल्ला तीनों ही प्रारूप में जमकर बोला है, लेकिन वनडे ऐसा प्रारूप में जिसमें वह अलग ही रंग में नजर आते हैं। कोहली ने इस प्रारूप में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। वह 2011 में वनडे विश्व कप खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे, जबकि 2013 और 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम में भी शामिल थे। 2023 वनडे विश्व कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे। उन्होंने उस दौरान 765 रन बनाए थे जो एक वनडे विश्व कप में सर्वाधिक है। इतना ही नहीं, कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज में 558 रन बनाए थे जो सर्वाधिक हैं। कोहली के नाम वनडे में सर्वाधिक शतक लगाने का रिकॉर्ड है। वह एकमात्र बल्लेबाज हैं जिन्होंने इस प्रारूप में 55 शतक लगाए हैं। इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा था। वहीं, वह वनडे में सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। कोहली के नाम वनडे में सबसे तेज 8000, 9000, 10000, 11000, 12000, 13000, 14000 और 15000 रन बनाने का रिकॉर्ड है। 

विराट कोहली का अंतरराष्ट्रीय करियर
प्रारूप मैच रन सर्वोच्च स्कोर शतक अर्धशतक
टेस्ट 123 9230 254* 30 31
वनडे 318 15183 183 55 80
टी20 अंतरराष्ट्रीय 125 4188 122* 1 38
विज्ञापन

4 of 4
विराट कोहली - फोटो : ANI
टी20 और टेस्ट से ले चुके हैं संन्यास
कोहली ने 2010 में टी20 और 2011 में टेस्ट प्रारूप में डेब्यू किया था, लेकिन अब वह इस दोनों प्रारूप को ही अलविदा कह चुके हैं। कोहली ने टी20 विश्व कप 2024 जीतने के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय को अलविदा कह दिया था और 2025 में इंग्लैंड दौरे से ठीक पहले उन्होंने लाल गेंद के प्रारूप से भी संन्यास ले लिया था। कोहली अब भारत के लिए सिर्फ वनडे जर्सी में ही नजर आते हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है कि कोहली की नजरें 2027 वनडे विश्व कप में खेलने पर टिकी हुई हैं। तीनों प्रारूप मिलाकर कोहली के नाम 86 शतक हैं और वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। उनसे ज्यादा शतक तेंदुलकर ने लगाए हैं जिनके नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 शतक हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें