शेफाली की निडरता, जेमिमा की शालीनता, ऋचा की ताकत, अमनजोत की स्थिरता, चरणी की लगन और क्रांति की कहानी, ये सब मिलकर भारतीय क्रिकेट की नई 'क्रांति' का प्रतीक हैं।
भारतीय महिला क्रिकेट आज एक नए युग में प्रवेश कर चुका है। विश्व कप जीत के साथ भारत की बेटियों ने न केवल इतिहास रचा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक नई राह भी बना दी। इस सफलता की सबसे बड़ी खूबसूरती यह है कि इस टीम में अनुभव के साथ-साथ नई ऊर्जा, साहस और निडरता का अद्भुत संगम है। शेफाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्स, ऋचा घोष, श्री चरणी, अमनजोत कौर और क्रांति गौड़, ये वो नाम हैं जिन्होंने अपने संघर्ष, प्रतिभा और जुनून से महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है।
विज्ञापन
2 of 8
शेफाली वर्मा
- फोटो : BCCI Women
शेफाली वर्मा: हरियाणा की बिंदास लड़की, जो कभी नहीं डरती
21 साल की शेफाली वर्मा आज भारतीय क्रिकेट की पहचान बन चुकी हैं। हरियाणा के रोहतक की रहने वाली शेफाली का बचपन उस माहौल में बीता, जहां लड़कियों का क्रिकेट खेलना आसान नहीं था। लेकिन उनके पिता संजीव वर्मा ने बेटी की आंखों में चमक देखी और उसे बेटों जैसा हर मौका दिया। मोहल्ले के लड़कों के बीच खेलते हुए शेफाली ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा। सिर्फ 15 साल की उम्र में भारत के लिए डेब्यू करने वाली शेफाली आज विश्व कप की प्लेयर ऑफ द फाइनल हैं। उन्होंने दिखा दिया कि अगर जुनून सच्चा हो तो सपने पूरे करने से कोई नहीं रोक सकता।
विज्ञापन
3 of 8
जेमिमा रॉड्रिग्स
- फोटो : PTI
जेमिमा रॉड्रिग्स: मुस्कुराती मुंबई की जादूगरनी
मुंबई की जेमिमा रॉड्रिग्स क्रिकेट और संगीत दोनों में माहिर हैं। बचपन से ही गिटार बजाने और गीत लिखने वाली जेमिमा मैदान पर अपने क्लास और टाइमिंग के लिए जानी जाती हैं। 2025 विश्व कप में उन्होंने अपने बल्ले से भारत को कई मुश्किल स्थितियों से निकाला। जेमिमा का सफर आसान नहीं था। 2022 के खराब फॉर्म के बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था। लेकिन उन्होंने वापसी के लिए खुद को नए सिरे से तैयार किया, और आज वही फिनिशर बन गईं जिसने भारत को पहली बार विश्व चैंपियन बनाया।
4 of 8
ऋचा घोष
- फोटो : BCCI Women-x
ऋचा घोष: सिलिगुड़ी की 'सिक्सर क्वीन'
सिर्फ 21 साल की ऋचा घोष ने दिखाया कि महिला क्रिकेट में पावर हिटिंग का मतलब क्या होता है। बंगाल के छोटे से शहर सिलिगुड़ी से आने वाली ऋचा ने बचपन में अपने पिता की कोचिंग में क्रिकेट सीखा। उनका सपना था कि लोग महिला क्रिकेट में भी 'सिक्सर क्वीन' की बात करें और आज वो वही बन चुकी हैं। विश्व कप के फाइनल में ऋचा ने डेथ ओवर्स में जो निडर बल्लेबाजी की, उसने भारत को जीत की राह पर ला दिया। ऋचा ने खिताबी मुकाबले में 24 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुईं। ऋचा ने महत्वपूर्ण रन बनाए और इस दौरान उपलब्धि अपने नाम दर्ज करने में भी सफल रहीं। ऋचा महिला विश्व कप के एक संस्करण में सर्वाधिक छक्के लगाने वाली भारतीय बल्लेबाज बन गई हैं।
विज्ञापन
5 of 8
अमनजोत कौर
- फोटो : BCCI Women
अमनजोत कौर: नई उम्मीद की चमक
पंजाब की अमनजोत कौर को शुरुआत में खेल छोड़ने की सलाह दी गई थी, क्योंकि घर की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। लेकिन अमनजोत ने अपनी मां के सपनों को ताकत बनाया। उनकी शांत बल्लेबाजी और टीम के प्रति समर्पण ने भारत को संतुलन दिया।
विज्ञापन
6 of 8
श्री चरणी
- फोटो : PTI
श्री चरणी: फिरकी से करती हैं कमाल
श्री चरणी का सफर किसी प्रेरणा से कम नहीं रहा। आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले से आने वाली यह युवा स्पिन गेंदबाज कभी बैडमिंटन खेला करती थीं, लेकिन मां के विश्वास और खुद की मेहनत ने उन्हें भारतीय क्रिकेट तक पहुंचा दिया। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद दिल्ली कैपिटल्स से WPL में डेब्यू करने वाली चरणी ने कुछ ही महीनों में टीम इंडिया में जगह बनाई। 2025 महिला विश्व कप फाइनल में वे भारतीय गेंदबाजी की नई उम्मीद बनकर उभरीं। शांत स्वभाव, तेज फोकस और मुश्किल परिस्थितियों में सटीक लाइन-लेंथ से उन्होंने दिखा दिया कि भारत का भविष्य अब सुरक्षित हाथों में है।
विज्ञापन
7 of 8
ANI
- फोटो : ICC/PTI
क्रांति गौड़: संघर्ष से सितारा बनने की कहानी
मध्य प्रदेश की क्रांति गौड़ का नाम अब भारतीय क्रिकेट के उभरते चेहरों में शुमार है। इंदौर की गलियों में लड़कों के साथ खेलते हुए उन्होंने अपने खेल को निखारा। परिवार की सीमित आय के बावजूद उन्होंने अपने सपने को नहीं छोड़ा। क्रांति बताती हैं, 'मुझे याद है जब मेरे पास जूते तक नहीं थे, तब पापा ने अपने जूते काटकर मुझे दिए थे। आज मैं मैदान में हर विकेट उन्हीं के लिए लेती हूं।' क्रांति अपनी तेज गेंदबाजी और जोश से मैदान में नई ऊर्जा लाती हैं। वो इस टीम की 'स्पार्क प्लेयर' मानी जाती हैं, यानी जोश से माहौल बदलने वाली।
विश्व चैंपियन बनीं भारतीय महिला क्रिकेट टीम
- फोटो : ANI
नई पीढ़ी, नया आत्मविश्वास
भारत की ये नई पीढ़ी सिर्फ क्रिकेट नहीं खेलती, वो अपने खेल से समाज की सोच भी बदल रही है। शेफाली की निडरता, जेमिमा की शालीनता, ऋचा की ताकत, अमनजोत की स्थिरता, चरणी की लगन और क्रांति की कहानी, ये सब मिलकर भारतीय क्रिकेट की नई 'क्रांति' का प्रतीक हैं। अगर 1983 में कपिल देव की टीम ने पुरुष क्रिकेट को पहचान दी थी, तो 2025 की इन बेटियों ने महिला क्रिकेट को गौरव का नया अध्याय दिया है।