फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

BCCI ने चौंकाया!: पद से हटाए गए टी दिलीप अब इंग्लैंड भी जाएंगे, बोर्ड ने उन्हें फिर फील्डिंग कोच नियुक्त किया

Wed, 28 May 2025 09:27 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

बीसीसीआई ने उपयुक्त विकल्प नहीं मिलने के बाद टी दिलीप को आगामी इंग्लैंड दौरे के लिए राष्ट्रीय टीम के फील्डिंग कोच के रूप में फिर से नियुक्त करने का फैसला किया है।
विज्ञापन
1 of 4
फील्डिंग कोच टी. दिलीप के साथ डेशकाटे - फोटो : PTI
भारतीय टीम के लिए यह महीना कुछ चौंकाने वाला रहा है। रोहित शर्मा और विराट कोहली के टेस्ट से संन्यास ने दुनिया भर के फैंस को चौंका कर रख दिया। इसके बाद आगामी इंग्लैंड दौरे के लिए शुभमन गिल नए टेस्ट कप्तान बनाए गए। हालांकि, यह सब घटनाएं पिछली दो टेस्ट सीरीज से जुड़ी हुई हैं। पिछले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज और उसके बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हार ने इस बदलाव को अंजाम दिया। सिर्फ खिलाड़ी के स्तर पर बदलाव नहीं हुए, बल्कि टीम मैनेजमेंट में भी काफी उथल पुथल देखने को मिली थी। सहायक कोच अभिषेक नायर और फील्डिंग कोच टी दिलीप को पिछले महीने उनके पद से बर्खास्त किया गया। हालांकि, अब बीसीसीआई ने एक बार फिर सभी को चौंकाते हुए और अजीबोगरीब फैसला लेते हुए टी दिलीप को वापस बुलाया और उन्हें इंग्लैंड दौरे के लिए फील्डिंग कोच नियुक्त किया है।
विज्ञापन

2 of 4
ड्रेसिंग रूम में भारतीय खिलाड़ियों को संबोधित करते टी दिलीप - फोटो : BCCI
दरअसल, बीसीसीआई ने उपयुक्त विकल्प नहीं मिलने के बाद टी दिलीप को आगामी इंग्लैंड दौरे के लिए राष्ट्रीय टीम के फील्डिंग कोच के रूप में फिर से नियुक्त करने का फैसला किया है। बीसीसीआई ने चैंपियंस ट्रॉफी में विजयी अभियान के बाद कोचिंग स्टाफ में फेरबदल किया था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2024-25 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत के खराब प्रदर्शन के लिए नायर और दिलीप को दोषी मानते हुए उन पर गाज गिरी थी और बोर्ड ने पिछले महीने दोनों को हटाने का फैसला किया था। इस घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने बताया, 'दिलीप एक अच्छे कोच हैं जिन्होंने तीन साल (2021 से) से अधिक समय तक टीम के लिए अच्छा काम किया। वह इनमें से अधिकांश क्रिकेटरों को बहुत करीब से जानते हैं इसलिए उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ बड़ी सीरीज के लिए टीम में शामिल करना अच्छा ही होगा।'
विज्ञापन

3 of 4
अभिषेक नायर और टी दिलीप - फोटो : ANI
बीसीसीआई नए फील्डिंग कोच के रूप में किसी विदेशी को लाने के लिए बहुत उत्सुक था, लेकिन बोर्ड निश्चत समय में ऐसा नहीं कर सका। दिलीप को हटाने के बाद सहायक कोच रेयान टेन डेशकाटे को फील्डिंग कोच की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई थी। सूत्र ने कहा, 'इसलिए इस समय कोई नया नाम लाने का कोई मतलब नहीं है और दिलीप खिलाड़ियों के बीच भी बहुत लोकप्रिय हैं।' अपने पिछले कार्यकाल के दौरान दिलीप ने पहले कुछ लोकप्रिय सुझाव पेश किए थे, जिससे टीम में फील्डिंग का स्तर सुधरा भी था। इनमें मैच के दिन सर्वश्रेष्ठ फील्डर को पदक देना या उन पदकों को वितरित करने के लिए कुछ दिग्गज हस्तियों को लाना शामिल हैं।
विज्ञापन

4 of 4
शुभमन गिल, सुदर्शन, गंभीर और बुमराह - फोटो : ANI
नवनियुक्त टेस्ट कप्तान शुभमन गिल और रिजर्व बल्लेबाज बी साई सुदर्शन छह जून से शुरू होने वाले इंग्लैंड लायंस के खिलाफ भारत ए के दूसरे चार दिवसीय मैच से चूक सकते हैं। ये दोनों गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं। अगर गुजरात की टीम तीन जून को अहमदाबाद में होने वाले फाइनल के लिए क्वालिफाई कर जाती है तो गिल और सुदर्शन दोनों के लिए मैच से पहले भारत ए में शामिल होना मुश्किल होगा। इसके अलावा उन्हें इंग्लैंड में अलग-अलग परिस्थितियों के हिसाब से जल्दी से जल्दी लाल गेंद के प्रारूप में ढलना होगा। भारत ए के कोच भारत के पूर्व खिलाड़ी ऋषिकेश कानितकर होंगे और उन्हें रेयान टेन डेशकाटे (बल्लेबाजी कोच) और ट्रॉय कूली (गेंदबाजी कोच) का साथ मिलेगा।

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें