फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RCB vs CSK मैच के तीन खास पल: बल्ला बदलने के लिए कहे जाने पर धोनी ने की यह हरकत; कोहली ने खलील को सिखाया सबक

Sun, 04 May 2025 12:23 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बंगलूरू

सार

RCB vs CSK Top 3 Moment Photos : विराट कोहली ने खलील अहमद को सबक सिखाया। वहीं, 17 साल के आयुष म्हात्रे ने भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ अलग तेवर अपनाए। उन्होंने भुवी के ओवर में 26 रन बटोरे।
विज्ञापन
1 of 4
आईपीएल 2025 - फोटो : PTI/IPL/BCCI
आईपीएल 2025 के 52वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चेन्नई सुपर किंग्स को रोमांचक मुकाबले में दो रन से हरा दिया। इस जीत के साथ आरसीबी की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। इस मैच में तीन ऐसे पल देखने को मिले, जिसने फैंस का ध्यान खींचा। जब महेंद्री सिंह धोनी बल्लेबाजी के लिए मैदान पर आए तो अंपायर ने उनका बल्ला चेक किया। हालांकि, जिस यंत्र से उनके बल्ले की चौड़ाई और मोटाई मांपी गई, वह फिट नहीं हुआ।

ऐसे में धोनी ने अंपायर से वह यंत्र छीन लिया और खुद ही मापने लगे। वहीं, दूसरे खास पल में विराट कोहली ने खलील अहमद को सबक सिखाया। जब पिछली बार दोनों टीमें आमने-सामने आई थीं तो कोहली और खलील के बीच बहस देखने को मिली थी। अब कोहली ने उसका बदला कुछ अलग अंदाज में लिया। वहीं, तीसरे खास पल में 17 साल के सीएसके के ओपनर आयुष म्हात्रे ने भुवनेश्वर कुमार के ओवर की छह गेंद पर छह बाउंड्रीज लगाईं।
विज्ञापन

2 of 4
आईपीएल 2025 - फोटो : PTI/IPL/BCCI
1. धोनी का बल्ला चेक
दरअसल, चेन्नई की पारी के 17वें ओवर में जब धोनी बल्लेबाजी के लिए आए तो फील्ड अंपायर ने उनका बल्ला चेक किया। हालांकि, वह यंत्र धोनी के बल्ले में फिट नहीं हुआ। इससे पहले सीएसके के पिछले 10 मैच में ऐसा कुछ देखने को नहीं मिला था और धोनी का बल्ला उस यंत्र के पैमाने पर एकदम ठीक साबित हुआ था। हालांकि, इस मैच में ऐसा नहीं हुआ। बार-बार चेक करने पर जब यंत्र बल्ले के आरपार नहीं हुआ तो अंपायर ने उन्हें बल्ला बदलने के लिए कहा। इस पर धोनी और रवींद्र जडेजा ने डग आउट की तरफ भी देखा। फिर धोनी ने खुद ही अंपायर के हाथ से वह यंत्र लेकर अपना बल्ला चेक करने लगे। काफी जद्दोजहद के बाद वह यंत्र बल्ले के आरपार हो गया। अंपायर ने फिर ऐसा करने की कोशिश की और दो तीन बार आर पार होने के बाद अंपायर ने उसी बल्ले से धोनी को खेलने की इजाजत दे दी। हालांकि, माही आठ गेंद में सिर्फ 12 रन ही बना सके।
विज्ञापन

3 of 4
आईपीएल 2025 - फोटो : PTI/IPL/BCCI
2. कोहली को सब याद रहता है
वहीं, चेन्नई और बेंगलुरु की टीम जब इस सीजन पिछली बार चेपॉक में भिड़ी थी तो खलील और कोहली के बीच बहस होते हुए देखा गया था। उसका वीडियो देखने के बाद ऐसा लगा था कि कोहली खलील की किसी हरकत से नाखुश थे और उन्होंने अगली बार सामने आने की चुनौती दी थी। बाद में उस घटना का खुलासा हुआ था कि खलील कोहली को अंपायर द्वारा आउट दिए जाने से पहले ही जश्न मनाने लगे थे। बाद में कोहली ने इस हरकत पर नाराजगी जताई थी। खलील उस पूरी घटना के दौरान कोहली को सफाई देते देखे गए थे। तब उस घटना के दौरान कोहली खलील से, 'अब तू आ' कहते देखे गए। यानी कि अगले मैच में मैं तुम्हारी जमकर धुनाई करूंगा कहते दिखे थे। कोहली ने उसका सबक खलील को शनिवार के मैच में सिखाया। उन्होंने आरसीबी की पारी के तीसरे ओवर में खलील की लगातार दो गेंद पर दो छक्के लगाए और फिर कोहली ने खलील को घूर कर भी देखा। कोहली ने इस मैच में 33 गेंद में पांच चौके और पांच छक्के की मदद से 62 रन की पारी खेली। वहीं, खलील ने तीन ओवर में 65 रन दिए। इसमें एक ओवर में 33 रन भी शामिल है।
विज्ञापन

4 of 4
आईपीएल 2025 - फोटो : PTI/IPL/BCCI
3. म्हात्रे ने भुवनेश्वर को धोया
चेन्नई की पारी के दौरान चौथे ओवर में 17 साल के आयुष म्हात्रे ने भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ लगातार छह बाउंड्रीज लगाईं। उन्होंने पांचवीं गेंद पर छक्का और बाकी गेंदों पर चौके लगाए। इससे पहले तीसरे ओवर की आखिरी दो गेंदों पर शेख रशीद ने यश दयाल के खिलाफ दो चौके लगाए थे। इस तरह CSK ओपनर्स ने लगातार आठ बाउंड्री लगाईं। इन दोनों युवा ओपनरों ने सीएसके को तूफानी शुरुआत दिलाई थी। इन दोनों ने 27 गेंद में 51 रन की साझेदारी निभाई। शेख 14 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, म्हात्रे शतक से चूक गए। उन्होंने 48 गेंद में नौ चौके और पांच छक्के की मदद से 94 रन की पारी खेली। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें