इंडियन टी-20 लीग में रविवार का दिन काफी रोमांचक होने वाला है। शाम को 4 बजे लीग का 29वां मुकाबला खेला जाएगा। ईडन गार्डन में टेबल की दोनों टॉप टीमें चेन्नई और कोलकाता आमने-सामने होंगी।
लगातार दो हार के बाद कोलकाता एक बार फिर से जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी, वहीं चेन्नई धोनी विवाद को पीछे छोड़ अपने जीत के सफर को जारी रखना चाहेगी। पिछली बार चेन्नई में जब दोनों टीमें आमने-सामने थी तब चेन्नई ने एकतरफा मुकाबले में कोलकाता को 7 विकेट से हराया था।
अभी तक दोनों टीमें 22 बार आमने-सामने हुई हैं, इस दौरान चेन्नई ने 13 तो कोलकाता ने 8 बार जीत का स्वाद चखा है। इस सीजन में अभी कोलकाता की टीम 7 मैच में 4 जीत के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। वहीं चेन्नई की टीम 7 मैच में से 6 मुकाबले जीतकर पहले स्थान पर है।