पिछले महीने टीम इंडिया को पीछे कर आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक बार काबिज होने वाली पाकिस्तानी क्रिकेट टीम ने वनडे में भी भारत को मात दी है। इस बार मामला भले ही रैंकिंग का न हो लेकिन पाकिस्तान भारत को हर जगह पीछे छोड़ने की फिराक में है। भले ही पाकिस्तान शारजाह में वेस्टइंडीज के साथ मुकाबला कर रही है लेकिन उसकी नजर भारत को पछाड़ने पर ही है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जा रही तीन वनडे मैचों की सीरीज के पहले मैच में जीत के साथ ही पाकिस्तान ओवरऑल जीत के मामले में भारत से आगे निकल गया है। पाकिस्तान ने अब तक कुल 864 वनडे मैच खेले हैं जिसमें उसे 455 मैचों में जीत हासिल की है। टीम इंडिया ने 899 मैचों में 454 जीत दर्ज कर वह पहले स्थान पर थी। लेकिन पाकिस्तान ने 455वीं जीत दर्ज कर भारत को पीछे छोड़ दिया। सबसे ज्यादा वनडे मैचों में जीत का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम दर्ज है। ऑस्ट्रेलिया ने अबतक कुल 884 वनडे मैच खेले हैं और उनमें से 547 में उसे जीत हासिल हुई है।