महिला प्रीमियर लीग (WPL) के फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा। दोनों टीमों के बीच यह मैच रविवार (26 मार्च) को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जाएगा। मुंबई ने एलिमिनेटर मैच में शुक्रवार को यूपी वॉरियर्स को 72 रन से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर रहकर खिताबी मुकाबले में पहुंची है।
फाइनल में पहुंचने वाली दोनों टीमें काफी मजबूत हैं। लीग में मुंबई और दिल्ली ने धमाकेदार प्रदर्शन किया है। मुंबई ने तो शुरुआती पांचों मैचों में जीतकर तहलका मचा दिया था। हालांकि, दो मैच हारने के कारण टीम सीधे फाइनल में नहीं पहुंच पाई। उसके दिल्ली के बराबर 12 अंक रहे। वह नेट रनरेट में पीछे होने के कारण दूसरे स्थान पर रहा और उसे एलिमिनेटर मैच में खेलना पड़ा।
महिला प्रीमियर लीग के पहले सीजन में मुंबई और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पहले सीजन में चेन्नई सुपरकिंग्स के कई आंकड़े मेल खा रहे हैं। हम उनके बारे में यहां बता रहे हैं...
1. दोनों टीमों के कप्तानों की जर्सी का नंबर सात है
आईपीएल में महेंद्र सिंह धोनी की जर्सी का नंबर सात है। पहले सीजन से ही वह सात नंबर की जर्सी पहन रहे हैं। यहां तक कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी उनकी जर्सी का नंबर सात ही थी। ठीक ऐसा ही मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ है। वह भी सात नंबर की जर्सी ही पहनती हैं।
2. आईपीएल और WPL में पहली हैट्रिक
आईपीएल की पहली हैट्रिक चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए लक्ष्मीपति बालाजी ने ली थी। बालाजी ने किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी। महिला प्रीमियर लीग की पहली हैट्रिक मुंबई इंडियंस की इस्सी वोंग ने अपने नाम की। उन्होंने यूपी वॉरियर्स के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में इतिहास रचा।
3. डेब्यू मैच में दोनों टीमों ने 200 से ज्यादा रन बनाए
चेन्नई सुपरकिंग्स ने आईपीएल इतिहास के अपने पहले मैच में ही 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया था। उसने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 240 रन बनाए थे। जवाब में पंजाब की टीम 20 ओवर में चार विकेट पर 207 रन ही बना सकी थी। चेन्नई के लिए माइकल हसी ने शतक लगाया था। महिला प्रीमियर लीग की बात करें तो मुंबई इंडियंस ने डेब्यू मैच में गुजरात जाएंट्स के खिलाफ 20 ओवर में पांच विकेट पर 207 रन बनाए थे। जवाब में गुजरात की टीम 15.1 ओवर में 64 रन पर सिमट गई थी।
4. शुरुआती चार मैचों में जीत
चेन्नई सुपरकिंग्स ने आईपीएल के पहले सीजन के शुरुआती चार मैचों में जीत हासिल की थी। उसने किंग्स इलेवन पंजाब, मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइटराइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को हराया था। वहीं, महिला प्रीमियर लीग के शुरुआती चार मैचों में मुंबई ने जीत हासिल की। उसने गुजरात जाएंट्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वॉरियर्स को हराया। यहां तक कि मुंबई की टीम पांचवें मैच में भी जीती। उसने गुजरात जाएंट्स को दोबारा हराया था।
5. फाइनल में पहुंचे वाली दूसरी टीम
मुंबई इंडियंस की टीम महिला प्रीमियर लीग के फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम है। उससे पहले दिल्ली कैपिटल्स ने जगह बनाई थी। वहीं, आईपीएल के पहले सीजन की बात करें तो चेन्नई सुपरकिंग्स भी फाइनल में जगह बनाने वाली दूसरी टीम ही थी। उससे पहले राजस्थान रॉयल्स खिताबी मुकाबले में पहुंच चुकी थी।
दिल्ली के पक्ष में इतिहास
पांच आंकड़े भले ही मुंबई इंडियंस के पक्ष में हैं, लेकिन इतिहास दिल्ली कैपिटल्स के साथ दिख रहा है। दरअसल, धोनी की टीम चेन्नई सुपरकिंग्स भले ही फाइनल में पहुंच गई थी, लेकिन उसे राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। अब WPL में अगर ऐसा होता है तो मुंबई की टीम नहीं, बल्कि दिल्ली की टीम चैंपियन बनेगी। पहले आईपीएल के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम ही चैंपियन बनी थी। ऐसे में राजस्थान की तरह दिल्ली की किस्मत हो सकती है।