फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2025: प्लेऑफ में पहुंची चारों टीमों के लिए अब करो या मरो वाले मैच, एक हार और शीर्ष-दो की रेस से होंगे बाहर

Sun, 25 May 2025 01:20 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

अब जो टीम हारेगी, उसके शीर्ष दो में आने की संभावना कम हो जाएगी। अब चारों टीमें एक दूसरे के नतीजों पर निर्भर है। आइए जानते हैं कि किस टीम के शीर्ष दो में स्थान बनाने का दावा सबसे मजबूत है...
विज्ञापन
1 of 6
विराट कोहली, रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल - फोटो : ANI
आईपीएल 2025 में अब जंग प्लेऑफ से हटकर शीर्ष दो में जगह बनाने की हो गई है। प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकीं गुजरात टाइटंस, पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस की टीमें अब शीर्ष दो में स्थान बनाने के लिए जूझ रही हैं। हालांकि, पिछले तीन दिनों में जो नतीजे आए हैं, उसने सभी को चौंका कर रख दिया है। पिछले तीन दिनों में प्लेऑफ के लिए सबसे पहले क्वालिफाई करने वाली तीन टीमों को हार का सामना करना पड़ा है। इससे शीर्ष दो की जंग अब रोमांचक हो चली है। पिछले तीन दिनों में गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स को हार मिली है और इसने मुंबई इंडियंस को फायदा पहुंचाया है। अब प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने वाली चारों टीमों के लिए आखिरी मैच को जीतना जरूरी है। जो टीम हारेगी, उसके शीर्ष दो में आने की संभावना कम हो जाएगी। अब चारों टीमें एक दूसरे के नतीजों पर निर्भर है। आइए जानते हैं कि किस टीम के शीर्ष दो में स्थान बनाने का दावा सबसे मजबूत है...

आइए पहले अंक तालिका का मौजूदा हाल जानते हैं...
रैंक टीम मैच जीत हार बेनतीजा अंक NRR
1 गुजरात टाइटंस (Q) 13 9 4 0 18 +0.602
2 पंजाब किंग्स (Q) 13 8 4 1 17 +0.327
3 रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Q) 13 8 4 1 17 +0.255
4 मुंबई इंडियंस (Q) 13 8 5 0 16 +1.292
5 दिल्ली कैपिटल्स (E) 14 7 6 1 15 +0.011
6 लखनऊ सुपर जाएंट्स (E) 13 6 7 0 12 -0.337
7 कोलकाता नाइट राइडर्स (E) 13 5 6 2 10 +0.193
8 सनराइजर्स हैदराबाद (E) 13 5 7 1 11 -0.740
9 राजस्थान रॉयल्स (E) 14 4 10 0 8 -0.549
10 चेन्नई सुपर किंग्स (E) 13 3 10 0 6 -1.030
(Q): क्वालिफाई, (E): एलिमिनेटेड
विज्ञापन

2 of 6
आरसीबी की टीम - फोटो : ANI
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
आरसीबी के लिए सबसे आसान समीकरण यह है कि टीम और उसके फैंस यह मनाएं कि टीम लखनऊ के खिलाफ अपना आखिरी मुकाबला जीत जाए और गुजरात अपना आखिरी मैच हार जाए। ऐसे में आरसीबी का शीर्ष दो में स्थान पक्का हो जाएगा। गुजरात अगर सीएसके के खिलाफ अपना आखिरी मैच जीतती है तो आरसीबी के लिए परेशानियां खड़ी हो जाएंगी। टीम को हार हाल में अपना आखिरी मैच जीतना होगा और वह भी बड़े अंतर से। साथ ही यह मनाना होगा कि पंजाब मुंबई के खिलाफ भी हार जाए। अगर गुजरात अपना आखिरी मैच जीतती है और आरसीबी अपना आखिरी मैच हारती है और पंजाब-मुंबई मुकाबले को जीतने वाली टीम शीर्ष दो की दूसरी टीम बनेगी। अगर आरसीबी और पंजाब दोनों टीमें अपना-अपना आखिरी मैच जीतती हैं तो दोनों के 19-19 अंक होंगे और नेट रन रेट पर दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम का फैसला होगा। अगर गुजरात की अपना आखिरी मैच जीतती है और पंजाब अपने दोनों मैच हार जाए तो यह सोने पर सुहागा होगा और आरसीबी के लिए बस एक जीत काफी होगी शीर्ष दो में स्थान पक्की करने के लिए। गुजरात की टीम अपना आखिरी मैच हारती है और पंजाब अपने दोनों मैच हारती है तो बेंगलुरु के लिए 27 मई को लखनऊ के खिलाफ जीत काफी होगा। इस स्थिति में मुंबई के लिए भी शीर्ष दो का रास्ता खुल जाएगा।
विज्ञापन

3 of 6
गुजरात टाइटंस - फोटो : IPL/BCCI
गुजरात टाइटंस
गुजरात की टीम फिलहाल अंक तालिका में शीर्ष पर है। टीम के 18 अंक हैं और शीर्ष दो में स्थान बनाने के लिए सबसे मजबूत दावेदार है। टीम के लिए 25 मई को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ जीत शीर्ष दो में जगह बनाने के लिए काफी होगा। अगर टीम जीतती है तो 20 अंक लेकर शीर्ष दो में अपना स्थान पक्की कर लेगी। मौजूदा स्थिति में कोई भी टीम 20 का आंकड़ा पार नहीं कर सकती है। हालांकि, सीएसके के खिलाफ हार टीम के लिए मुश्किलें खड़ी कर देगा। गुजरात की टीम हार हाल में सीएसके के खिलाफ मुकाबले को जीतना चाहेगी। अगर टीम हारती है तो उसे मनाना होगा कि पंजाब मुंबई को हरा दे। साथ ही बेंगलुरु भी अपना आखिरी मुकाबला हार जाए। इस स्थिति में आरसीबी के 17 अंक और मुंबई के 16 अंक ही रह जाएंगे, जबकि पंजाब 19 अंक और गुजरात 18 अंक के साथ शीर्ष दो में रहेगी। अगर गुजरात सीएसके से हारती है तो उन्हें यह मनाना होगा कि पंजाब मुंबई को हरा दे और आरसीबी भी अपना आखिरी मुकाबला हार जाए। इस स्थिति में पंजाब और गुजरात शीर्ष दो स्थान पर रहेंगी। पंजाब अगर मुंबई से हार जाती है तो एमआई पलटंस के 18 अंक हो जाएंगे और मुंबई टीम का नेट रन रेट सभी 10 टीमों में सबसे बेहतर है। ऐसे में मुंबई और गुजरात के 18-18 अंक होने पर मुंबई क्वालिफाई कर जाएगी। इस स्थिति में गुजरात चाहेगा की आरसीबी भी हार जाए तो गुजरात और मुंबई दोनों शीर्ष दो स्थान पर रहेंगी। अगर आरसीबी जीती तो गुजरात चूक जाएगी।

4 of 6
पंजाब किंग्स - फोटो : ANI
पंजाब किंग्स
पंजाब की टीम शनिवार को दिल्ली से हारकर मुश्किल स्थिति में आ चुकी है। टीम को अब मुंबई के खिलाफ (26 मई) को हर हाल में जीतना होगा। इस स्थिति में उनके 19 अंक होंगे और शीर्ष दो में स्थान तब भी पक्का नहीं होगा। इस स्थिति में गुजरात की टीम अपना आखिरी मैच जीतती भी है तो उसके 20 अंक हो जाएंगे और आरसीबी के जीतने पर उसके पंजाब के साथ 19-19 अंक होंगे। ऐसे में नेट रन रेट का खेल होगा। पंजाब की टीम अगर मुंबई को हराती है तो इस स्थिति में टीम को यह मनाना होगा कि गुजरात या तो अपना आखिरी मैच हार जाए और बेंगलुरु अपना आखिरी मैच जीते या फिर बेंगलुरु अपना आखिरी मैच हारे और गुजरात जीत जाए। गुजरात के हारने और बेंगलुरु के जीतने पर पंजाब और बेंगलुरु दोनों के 19-19 अंक होंगे और शीर्ष दो में स्थान पक्का हो जाएगा। गुजरात के जीतने और बेंगलुरु के हारने पर गुजरात के 20 अंक और पंजाब के 19 अंक होंगे और दोनों का शीर्ष दो स्थान पक्का हो जाएगा।
विज्ञापन

5 of 6
मुंबई इंडियंस - फोटो : IPL/BCCI
मुंबई इंडियंस
मुंबई कई टीमों का खेल बिगाड़ सकती है। टीम को अगर शीर्ष दो में जगह बनानी है तो उन्हें यह मनाना होगा कि गुजरात अपना आखिरी मैच हार जाए। साथ ही मुंबई पलटंस पंजाब को आखिरी मैच में हरा दे और आरसीबी अपना आखिरी मैच हार जाए। इस स्थिति में मुंबई और गुजरात दोनों के 18-18 अंक होंगे, जबकि पंजाब-आरसीबी 17 अंक पर ही रह जाएंगे। मुंबई की टीम बेहतर नेट रन रेट की वजह से गुजरात से ऊपर रहेगी और शीर्ष दो में रहते हुए प्लेऑफ में पहुंचेगी। मुंबई को हर हाल में पंजाब के खिलाफ अपना आखिरी मैच जीतना ही होगा। अगर गुजरात की टीम अपना आखिरी मैच जीतती है तो मुंबई को पंजाब को हराना ही होगा और यह मनाना होगा कि आरसीबी अपना आखिरी मैच हार जाए। इस स्थिति में गुजरात के 20 अंक होंगे और मुंबई 18 अंक के साथ शीर्ष दो में स्थान पक्की कर लेगा। पंजाब और आरसीबी के 17-17 अंक ही रह जाएंगे। आरसीबी के आखिरी मैच जीतने पर मुंबई की टीम को मनाना होगा कि गुजरात और पंजाब अपने बाकी मैच हार जाएं। तब बेंगलुरु और मुंबई शीर्ष दो स्थान पर रहेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
श्रेयस, शुभमन, विराट और रोहित - फोटो : ANI
29 मई से प्लेऑफ की शुरुआत, तीन जून को मिलेगा चैंपियन
प्लेऑफ लेग की शुरुआत 29 मई से होने जा रही है। इस साल क्वालिफायर-एक 29 मई को मोहाली में खेला जाएगा। वहीं, एलिमिनेटर 30 मई को मोहाली में ही खेला जाएगा। एक जून को अहमदाबाद में क्वालिफायर-दो खेला जाना है, जबकि तीन जून को अहमदाबाद में ही फाइनल खेला जाएगा। क्वालिफायर-एक में अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान पर रहने वाली टीमें भिड़ती हैं। इस मैच को जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचती है, जबकि हारने वाली टीम को एक और मौका मिलता है।

क्वालिफायर-एक के बाद एलिमिनेटर खेला जाता है। यह अंक तालिका में तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच खेला जाता है। यह एक नॉकआउट मैच होता है। हारने वाली टीम आईपीएल से बाहर हो जाती है, जबकि जीतने वाली टीम को क्वालिफायर-एक में हारने वाली टीम के साथ क्वालिफायर-दो में भिड़ना होता है। इस मैच को जीतने वाली टीम क्वालिफायर-एक को जीतने वाली टीम से फाइनल में भिड़ती है, जबकि हारने वाली टीम आईपीएल से बाहर हो जाती है। तीन जून को इस साल का विजेता मिल जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें