टी20 विश्व कप 2022 में भाग लेने के लिए भारतीय क्रिकेट टीम गुरुवार तड़के ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हो गई। बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर कर इसकी जानकारी दी। रोहित शर्मा की अगुआई में भारत दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीतना चाहेगा। रोहित पहली बार किसी आईसीसी टूर्नामेंट में कप्तानी कर रहे हैं, लेकिन उनके पास आईपीएल में कप्तानी का अच्छा-खासा अनुभव है और उनका रिकॉर्ड भी बेहतरीन है। भारत ने 2007 पहला टी20 विश्व कप अपने नाम किया था। इसके बाद से भारत यह टूर्नामेंट नहीं जीत पाया है। वेस्टइंडीज एकमात्र टीम है, जिसने दो बार टी20 विश्व कप जीता है। इस बार भारत की कोशिश भी इस खास क्लब में जगह बनाने की होगी।
भारत ने इस टूर्नामेंट के लिए 14 सदस्यीय टीम ऑस्ट्रेलिया रवाना की है। जसप्रीत बुमराह की जगह टीम में शामिल होने वाले खिलाड़ी के नाम का एलान बाद में किया जाएगा। हालांकि, भारत के लिए अच्छी खबर यह है कि दीपक हुड्डा फिट हो चुके हैं और टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया रवाना हुए हैं।
टी20 विश्व कप से ठीक पहले भारत ने घरेलू सीरीज में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका को हराया है। ऐसे में भारतीय खिलाड़ियों का आत्मविश्वास काफी बेहतर होगा। हालांकि, अभी भी भारत के सामने कई समस्याएं हैं। डेथ ओवर की गेंदबाजी इसमें सबसे प्रमुख है। इसके अलावा चोटिल जसप्रीत बुमराह की जगह सही खिलाड़ी को टीम में चुनना भी भारत के लिए बड़ी चुनौती होगी। पिछले कुछ मैचों में भारत की फील्डिंग भी कुछ खास नहीं रही है। विश्व कप से पहले टीम इंडिया को अपनी फील्डिंग का स्तर बेहतर करना होगा।