स्कॉट बोलैंड और पैट कमिंस की अगुआई में तेज गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों को जमकर परेशान किया और दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने 128 रन पर अपने पांच विकेट गंवा दिए। भारतीय टीम को अब पंत और नीतीश से आस है जो क्रीज पर टिके हुए हैं।
भारतीय टीम की स्थिति ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में अच्छी नहीं दिख रही है। पहली पारी में 180 रन पर आउट होने के बाद दूसरी पारी में भी भारतीय टीम का शीर्ष क्रम लड़खड़ा गया और एक ही सत्र में उसने अपने पांच विकेट गंवा दिए। भारतीय टीम की बल्लेबाजी इस मैच में इतनी खराब रही कि जिस पिच पर ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड ने दमदार बल्लेबाजी की, उसी पर यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे।
विज्ञापन
2 of 5
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
- फोटो : अमर उजाला
भारत ने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 337 रन पर आउट की, लेकिन कंगारू टीम 157 रनों की बढ़त हासिल करने में सफल रही। स्कॉट बोलैंड और पैट कमिंस की अगुआई में तेज गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों को जमकर परेशान किया और दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने 128 रन पर अपने पांच विकेट गंवा दिए। भारतीय टीम अब भी ऑस्ट्रेलिया से 29 रन पीछे है। स्टंप्स के समय ऋषभ पंत 28 रन और नीतीश रेड्डी 15 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। ऑस्ट्रेलिया के लिए पैट कमिंस और स्कॉट बोलैंड ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मिचेल स्टार्क को एक विकेट मिला।
विज्ञापन
3 of 5
यशस्वी, रोहित, राहुल, शुभमन
- फोटो : BCCI
तेज गेंदबाजों के सामने फेल रहा शीर्ष क्रम
पर्थ टेस्ट की दूसरी पारी में दमदार बल्लेबाजी करने वाला भारतीय शीर्ष क्रम एडिलेड में पिंक बॉल से बेदम नजर आया। पहली पारी में भी भारतीय बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया की पेस बैटरी के सामने दम नहीं दिखा पाए थे और ऐसा ही कुछ शनिवार को दूसरी पारी में भी देखने मिला। एडिलेड ओवल की इसी पिच पर दूसरे दिन ट्रेविस हेड ने शानदार शतक जड़ा था और ऑस्ट्रेलिया को बढ़त दिलाई थी, वहीं भारतीय बल्लेबाज बोलैंड, कमिंस और मिचेल स्टार्क की तिकड़ी के सामने लड़खड़ा गए। इस मैच में तेज गेंदबाजी आक्रमण के सामने भारतीय बल्लेबाजों की कमजोरी साफ दिखी। हालांकि, पंत ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने जोखिम उठाया और कुछ अच्छे शॉट खेले।
4 of 5
ऋषभ पंत
- फोटो : BCCI
पंत-नीतीश से आस
भारतीय टीम को अब पंत और नीतीश से आस है जो क्रीज पर टिके हुए हैं। गिरते विकेटों के बीच ऋषभ पंत ही ऐसे थे जिन्होंने निडरता दिखाई और लगातार बड़े शॉट खेलकर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों पर दबाव बनाने का प्रयास किया। पंत 25 गेंदों की अपनी पारी में अब तक पांच चौके जड़ चुके हैं। भारत को अगर बड़ी बढ़त लेनी है तो पंत और नीतीश को करिश्माई साझेदारी करनी होगी और टीम को मुश्किल से निकालना होगा। भारतीय टीम के लिए संभवतः इस मैच में कुछ बचा नहीं है, लेकिन अगर पंत चल गए और दूसरे छोर पर किसी बल्लेबाज ने उनका साथ दिया तथा टीम विशाल बढ़त लेने में सफल रही तो वो मैच में वापसी कर सकती है। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों पर टीम की नैया पार लगाने की जिम्मेदारी होगी।
पिच समझने में भूल कर गए कप्तान?
भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पिंक बॉल से तेज गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है और नई गेंद से बल्लेबाजी करना आसान नहीं होता है। इसके बावजूद भारतीय कप्तान रोहित ने बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम की बल्लेबाजी पहले दिन के शुरुआती सत्र में ही लड़खड़ा गई थी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया को बल्लेबाजी करने में ज्यादा दिक्कत नहीं हुई। विशेषकर, हेड जिन्होंने खुलकर गेंदबाजों को परेशान किया और 140 रनों की पारी खेली। ऐसे में यह सवाल उठना लाजमी है कि क्या पिच समझने में रोहित कोई भूल कर गए? या भारत की बल्लेबाजी ही खराब रही और वे ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने नहीं टिक सके।