फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारिश ने बिगाड़ा खेल: भुवनेश्वर की वापसी तो हुई, लेकिन गेंदबाजी का नहीं मिला मौका; भारत-वेस्टइंडीज सीरीज ड्रॉ

Sat, 17 Oct 2026 10:48 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बंगलूरू

सार

बारिश के कारण भारत और वेस्टइंडीज के बीच बंगलूरू में खेला गया पांचवां टी20 मुकाबला रद्द हो गया। भारत ने 7.4 ओवर में पांच विकेट पर 118 रन बनाए थे, तभी बारिश के चलते खेल रोकना पड़ा। नमन धीर छह गेंदों पर 24 रन बनाकर नाबाद रहे। मैच रद्द होने के साथ ही पांच मैचों की टी20 सीरीज 2-2 से बराबरी पर समाप्त हुई।
विज्ञापन
1 of 8
बारिश के कारण मैच रद्द - फोटो : PTI
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पांचवां और निर्णायक मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। बंगलूरू के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शनिवार को खेले गए इस मैच में भारतीय टीम ने 7.4 ओवर में पांच विकेट पर 118 रन बनाए थे, तभी बारिश ने दोबारा खलल डाल दिया। काफी इंतजार के बाद मुकाबले को रद्द घोषित कर दिया गया। इसके साथ ही पांच मैचों की सीरीज 2-2 से बराबरी पर समाप्त हुई।
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 8
भारत बनाम वेस्टइंडीज - फोटो : PTI
बारिश के कारण देरी से शुरू हुआ मैच
लगातार बारिश के कारण मुकाबले की शुरुआत में देरी हुई। टॉस रात नौ बजे हुआ, जबकि पहली गेंद रात 9:15 बजे फेंकी गई। समय की कमी को देखते हुए अंपायरों ने मैच को नौ-नौ ओवर का कराने का फैसला लिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। हालांकि, वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने बीच-बीच में विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।
विज्ञापन

3 of 8
भारत बनाम वेस्टइंडीज - फोटो : PTI
ईशान किशन ने 10 गेंदों में ठोके 30 रन
भारतीय पारी की शुरुआत तेज रही। अभिषेक शर्मा छह रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन ईशान किशन ने आते ही वेस्टइंडीज के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। ईशान ने रोमारियो शेफर्ड के एक ओवर में 24 रन बटोरे। उन्होंने महज 10 गेंदों पर 30 रन बनाए, जिसमें आक्रामक शॉट देखने को मिले। हालांकि, शमर जोसेफ की धीमी गेंद पर वह मिड-ऑन के पास कैच दे बैठे। ईशान की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने महज 2.5 ओवर में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना सबसे तेज टीम अर्धशतक पूरा किया।

4 of 8
भारत बनाम वेस्टइंडीज - फोटो : PTI
संजू सैमसन और श्रेयस अय्यर ने भी बनाए रन
ईशान किशन के आउट होने के बाद संजू सैमसन ने भारतीय पारी की रफ्तार बनाए रखी। उन्होंने 16 रन बनाए, लेकिन शमर स्प्रिंगर की गेंद पर उनका ऑफ स्टंप उड़ गया। श्रेयस अय्यर ने भी 14 गेंदों पर 22 रन बनाए। हालांकि, उन्हें पारी के दौरान रन आउट होने का खतरा झेलना पड़ा और एक बार उनका कैच भी छूटा। आखिरकार कीमो पॉल ने उन्हें डीप मिडविकेट पर कैच आउट कराया। तिलक वर्मा भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। स्प्रिंगर ने आठवें ओवर में उन्हें बोल्ड कर दिया। इसके बाद भारतीय पारी 7.4 ओवर में पांच विकेट पर 118 रन तक पहुंची।
विज्ञापन

5 of 8
भारत बनाम वेस्टइंडीज - फोटो : PTI
नमन धीर ने छह गेंदों पर बनाए 24 रन
भारतीय पारी के अंतिम ओवरों में नमन धीर ने विस्फोटक बल्लेबाजी की। उन्होंने कीमो पॉल की गेंदों पर दो छक्के और एक चौका जड़ते हुए अपने पहले तीन गेंदों पर ही 16 रन बटोर लिए। नमन धीर छह गेंदों पर 24 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी पारी में तीन छक्के और एक चौका शामिल रहा। वेस्टइंडीज की ओर से शमर स्प्रिंगर और कीमो पॉल ने दो-दो विकेट लिए।
विज्ञापन

6 of 8
भारत बनाम वेस्टइंडीज - फोटो : PTI
दोबारा बारिश से रुका खेल, नहीं हो सका मुकाबला
भारतीय पारी के दौरान हल्की बारिश दोबारा शुरू हुई, जो तिलक वर्मा के आउट होने के बाद तेज हो गई। इसके चलते अंपायरों को मैदान पर कवर मंगवाने पड़े और खेल रोकना पड़ा। मैच को दोबारा शुरू कराने के लिए रात 10:21 बजे तक का समय निर्धारित किया गया था। इस समय तक पांच ओवर का मुकाबला संभव हो सकता था। उस स्थिति में वेस्टइंडीज को पांच ओवर में 84 रन का लक्ष्य मिलता। हालांकि, बारिश नहीं रुकी और आखिरकार मुकाबले को रद्द घोषित कर दिया गया। इस तरह वेस्टइंडीज की पारी शुरू ही नहीं हो सकी और मैच का कोई नतीजा नहीं निकला।
विज्ञापन

7 of 8
भारत बनाम वेस्टइंडीज - फोटो : PTI
2-2 से बराबर रही टी20 सीरीज
पांचवां मुकाबला रद्द होने के साथ ही भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज 2-2 से बराबर रही। दोनों टीमों के बीच निर्णायक मैच से सीरीज का विजेता तय होना था, लेकिन बारिश ने रोमांचक मुकाबले की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। भारतीय टीम की ओर से ईशान किशन ने 30 और नमन धीर ने नाबाद 24 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में शमर स्प्रिंगर और कीमो पॉल ने दो-दो विकेट हासिल किए। बारिश के कारण दर्शकों को मुकाबले का अधूरा रोमांच ही देखने को मिला।
विज्ञापन

8 of 8
भुवनेश्वर कुमार - फोटो : PTI

भुवनेश्वर की वापसी का रोमांच पड़ा फीका
भुवनेश्वर कुमार के लिए यह मुकाबला लंबे अंतराल के बाद टीम इंडिया की जर्सी में उतरने का अहम मौका था, लेकिन बारिश ने उनकी वापसी का रोमांच फीका कर दिया। वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवें टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह मिली, हालांकि बारिश के कारण मुकाबला आगे नहीं बढ़ सका और उन्हें गेंदबाजी करने का मौका नहीं मिला। ऐसे में भारतीय टीम में वापसी के बावजूद भुवनेश्वर अपनी स्विंग और अनुभव का प्रदर्शन नहीं कर सके। अब उनके लिए आगे मिलने वाले मौकों पर नजरें रहेंगी, जहां वह अपने प्रदर्शन से टीम में जगह पक्की करने की कोशिश करेंगे।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें