फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

India vs ENG: गिल के सामने 18 साल का सूखा समाप्त करने की चुनौती, इंग्लैंड में धोनी-कोहली भी रहे हैं खाली हाथ

Sat, 07 Jun 2025 01:36 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

भारत ने आखिरी बार 2007 में राहुल द्रविड़ की कप्तानी में इंग्लैंड के खिलाफ उसके घर में टेस्ट सीरीज जीती थी। उस वक्त तीन मैचों की सीरीज में भारत 1-0 से जीत दर्ज करने में सफल रहा था। अब एक बार फिर भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद है कि टीम इंडिया इंग्लैंड में इस बार सूखा खत्म करने में सफल रहेगी।
विज्ञापन
1 of 8
भारत बनाम इंग्लैंड - फोटो : ANI
भारतीय टीम नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल की अगुआई में इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए तैयार है। पिछले कुछ महीनों में भारत का लाल गेंद के प्रारूप में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है और उसने न्यूजीलैंड के खिलाफ घर में और फिर ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज गंवानी पड़ी थी। भारत-इंग्लैंड सीरीज के साथ ही विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के नए चक्र की शुरुआत हो जाएगी। रोहित शर्मा और विराट कोहली के टेस्ट से संन्यास के बाद भारतीय टीम की यह पहली द्विपक्षीय सीरीज भी है। 
विज्ञापन

2 of 8
भारतीय टीम - फोटो : BCCI Video Screen Grab
इंग्लैंड पहुंची टीम इंडिया
गिल की अगुआई में भारतीय टीम शनिवार को इंग्लैंड पहुंच गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक वीडियो शेयर किया जिसमें टीम इंडिया के सदस्य एयरपोर्ट पर नजर आ रहे हैं। भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ शुभमन गिल की कप्तानी में खेलने उतरेगी। गिल को रोहित शर्मा की जगह टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया है। ऋषभ पंत इस सीरीज में उपकप्तान की भूमिका में होंगे। 
विज्ञापन

3 of 8
केएल राहुल और ऋषभ पंत - फोटो : PTI
20 जून से लीड्स में खेला जाएगा पहला मुकाबला
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट 20 जून से लीड्स में खेला जाएगा। इस सीरीज के साथ ही भारत के नए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र (2025-27) की शुरुआत भी हो जाएगी। करुण नायर की आठ साल बाद भारतीय टीम में वापसी हुई है। शार्दुल ठाकुर भी भारतीय टीम में वापसी कर रहे हैं। बीसीसीआई ने इंग्लैंड पहुंचने का जो वीडियो शेयर किया है उसमें खिलाड़ी एक दूसरे के साथ हंसी मजाक करते नजर आ रहे हैं।

4 of 8
गौतम गंभीर - फोटो : ANI
भारत को इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज जीत का इंतजार
गिल नई जिम्मेदारी के लिए तैयार हैं, लेकिन उनके सामने चुनौती बड़ी है। गिल और मुख्य कोच गौतम गंभीर के नेतृत्व में भारतीय टेस्ट टीम बदलाव के दौर से गुजरी है और अब उसे नतीजे देने होंगे। रोहित और कोहली जैसे अनुभवी बल्लेबाजों की अनुपस्थिति में इंग्लैंड को उसके घर में हराना आसान नहीं रहने वाला है। इंग्लैंड में भारत के आंकड़े भी इसी बात की गवाही दे रहे हैं। दरअसल, भारत ने 2007 के बाद से इंग्लैंड में कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीती है, ऐसे में सभी के मन में यही सवाल उठ रहा है कि क्या गिल-गंभीर की ये जोड़ी 18 साल का सूखा समाप्त कर पाएगी?
विज्ञापन

5 of 8
राहुल द्रविड़ - फोटो : Screen Grab
द्रविड़ की कप्तानी में मिली थी जीत 
भारत ने आखिरी बार 2007 में राहुल द्रविड़ की कप्तानी में इंग्लैंड के खिलाफ उसके घर में टेस्ट सीरीज जीती थी। उस वक्त तीन मैचों की सीरीज में भारत 1-0 से जीत दर्ज करने में सफल रहा था। 2007 के बाद से भारतीय टीम चार बार इंग्लैंड दौरे पर गई, लेकिन जीत का स्वाद नहीं चख सकी। 2011 में वनडे विश्व कप जीतने के बाद भारत ने इंग्लैंड का दौरा किया। उस वक्त टीम महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में खेलने गई, लेकिन चार मैचों की टेस्ट सीरीज में एक भी मुकाबला नहीं जीत सकी और मेजबान टीम ने भारत को 4-0 के अंतर से हराया। 
विज्ञापन

6 of 8
विराट कोहली - फोटो : ANI
धोनी-कोहली की कप्तानी में भी नहीं टूटा तिलिस्म 
2014 में भारतीय टीम फिर धोनी की कप्तानी में इंग्लैंड दौरे पर गई। इस बार उसे पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी थी, लेकिन हालात नहीं बदले और इंग्लैंड ने सीरीज 3-1 से अपने नाम की। चार साल बाद भारतीय टीम विराट कोहली की कप्तानी पर इंग्लैंड दौरे पर गई। कोहली की अगुआई में उम्मीद की जा रही थी कि भारतीय टीम जीत हासिल करने में सफल रहेगी, लेकिन कप्तान बदलने के बावजूद इंग्लैंड में टीम के हालात नहीं बदले और इंग्लैंड ने पांच मैचों की सीरीज 4-1 से जीती। 
विज्ञापन

7 of 8
विराट कोहली - फोटो : ANI
पिछले दौरे पर करीब से चूकी टीम इंडिया 
भारत ने 2021 में एक बार फिर इंग्लैंड का दौरा किया और उस वक्त भी कमान कोहली के हाथ में थी। भारतीय टीम ने उस सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया और चार में से दो मैच जीतने में सफल रही। उस वक्त लगा कि भारतीय टीम पांच मैचों की ये सीरीज अपने नाम कर लेगी और इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज जीत का सूखा अब समाप्त होगा। लेकिन पांचवें टेस्ट को स्थगित कर दिया गया और सीरीज का आखिरी मुकाबला जुलाई 2022 में हुआ। तब तक कोहली टेस्ट टीम की कमान छोड़ चुके थे। निर्णायक मुकाबले के लिए जसप्रीत बुमराह को कप्तानी सौंपी गई, लेकिन इंग्लैंड ने सात विकेट से मैच जीतकर सीरीज 2-2 से बराबर कर दी। इस तरह भारत का इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज जीतने का इंतजार फिर बढ़ गया। अब एक बार फिर भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद है कि टीम इंडिया इंग्लैंड में इस बार सूखा खत्म करने में सफल रहेगी। 

ये भी पढ़ें: Team India: पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड पहुंची भारतीय टीम, WTC के नए चक्र की करेगी शुरुआत
विज्ञापन

8 of 8
गिल और गंभीर - फोटो : PTI
इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज में भारत का प्रदर्शन (2007 के बाद से)
वर्ष कितने मैच नतीजा
2011 चार इंग्लैंड 4-0 से जीता
2014 पांच इंग्लैंड 3-1 से जीता
2018 पांच इंग्लैंड 4-1 से जीता
2021-22 पांच सीरीज 2-2 से बराबर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें