पाकिस्तानी गेंदबाजों और भारतीय बल्लेबाजों के बीच मैदान पर जंग का इतिहास पुराना है। वकार यूनुस, वसीम अकरम और शोएब अख्तर की आग उगलती गेंदों ने सचिन, अजहरुद्दीन, नवजोत सिंह सिद्धू, सौरव गांगुली को खूब छकाया है। 90 के दशक के आखिरी और 2000 के बाद के वर्षों में पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर और भारतीय बल्लेबाजों के बीच भी जोरदार टक्कर देखने को मिली।
कई बार भारतीय बल्लेबाज अख्तर पर भारी पड़ते, तो कई दफा शोएब भारतीय बल्लेबाजों की गिल्लियां बिखेर देते। ये प्रतिद्वंदिता वर्षों चली। चाहे सचिन तेंदुलकर हों, सौरव गांगुली या वीरेंद्र सहवाग, अख्तर ने अपनी खतरनाक गेंदबाजी से सभी को परेशान किया। हाल ही में आकाश चोपड़ा के साथ यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान अख्तर ने एक घटना का जिक्र किया, जब उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी को जानबूझकर बीमर मारा था।