फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Graham Thorpe Died: इंग्लैंड के महान क्रिकेटर ग्राहम थोर्प का निधन, 55 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

Mon, 05 Aug 2024 01:46 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन

सार

थोर्प साल 2022 से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे। उन्हें अफगानिस्तान का हेड कोच भी नियुक्त किया गया था। हालांकि, वह अपने कार्यकाल को पूरा नहीं कर सके थे। 
विज्ञापन
1 of 1
ग्राहम थोर्प - फोटो : ICC
इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज और दुनिया के महान क्रिकेटरों में शुमार ग्राहम थोर्प का सोमवार को निधन हो गया। वह 55 वर्ष के थे। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने इसकी पुष्टि की है। थोर्प ने इंग्लैंड के लिए 1993 से 2005 के बीच 100 टेस्ट खेले थे। इसके साथ ही वह इंग्लैंड की सीनियर पुरुष टीम के बैटिंग कोच भी रह चुके हैं। वह साल 2022 से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे। उन्हें अफगानिस्तान का हेड कोच भी नियुक्त किया गया था। हालांकि, वह अपने कार्यकाल को पूरा नहीं कर सके थे। ईसीबी ने लिखा, 'बहुत दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि ग्राहम थोर्प का निधन हो गया है। ग्राहम की मौत पर हमें जो गहरा सदमा लगा है, उसे बयां करने के लिए कोई उपयुक्त शब्द नहीं है।' ईसीबी ने हालांकि उनके निधन का कारण नहीं बताया।

थोर्प ने वर्षों तक इंग्लैंड क्रिकेट को सेवा दी और इस खेल के सबसे शानदार बल्लेबाजों में से एक थे। उनका कद इतना बड़ा था कि दुनियाभर के फैंस उन्हें सम्मान की नजरों से देखते थे। अपने 13 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में थोर्प ने इंग्लैंड समेत अपने क्लब सरे के लिए कुछ महत्वपूर्ण मैच जीते। इस बल्लेबाज ने सरे के लिए काउंटी क्रिकेट खेला और टीम के लिए करीब 20,000 रन बनाए।

बाद में एक कोच के रूप में उन्होंने इंग्लैंड को कुछ अहम मैचों में जीत के लिए मार्गदर्शन किया। थोर्प ने 1993 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया और वह इंग्लैंड के बल्लेबाजी क्रम की रीढ़ थे। इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 100 टेस्ट खेले और 44.66 की औसत से 6744 रन बनाए, जिसमें 16 शतक और 39 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 200* था। थोर्प ने वनडे में 21 अर्धशतक की मदद से 37.18 की औसत से 2380 रन बनाए। वह दो आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप का भी हिस्सा रहे। 

आईसीसी बल्लेबाजी रैंकिंग में थोर्प 1998 में इंग्लैंड के वेस्टइंडीज दौरे से पहले टेस्ट में नंबर तीन पर पहुंच गए थे। वनडे रैंकिंग में उनकी शीर्ष रैंकिंग 10 रही थी। 2005 में क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद थोर्प ने न्यू साउथ वेल्स, सरे और इंग्लैंड की पुरुष टीमों की कोचिंग की। थोर्प 2019 में इंग्लैंड के अपने घरेलू जमीन पर वनडे विश्व कप जीत के दौरान भी कोचिंग सेटअप से जुड़े हुए थे। वह ऑस्ट्रेलिया के 2021/22 एशेज दौरे तक इंग्लैंड के सहायक कोच थे। थोर्प को बाद में मार्च 2022 में अफगानिस्तान के मुख्य कोच के रूप में नियुक्त किया गया था, लेकिन अपनी बीमारी के कारण पद नहीं संभाल सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें