बीती ताहि बिसार आगे की सुधि ले। पुरानी कहावत है पर टीम इंडिया आज सुबह पांच बजे से मेलबर्न में शुरू हुए 'बॉक्सिंग डे टेस्ट' में इसी बड़ी प्रेरणा के साथ उतरी। टॉस गंवाकर ऑस्ट्रेलिया भले ही पहले बल्लेबाजी कर रहा है, लेकिन महज 38 रन पर तीन विकेट लेकर भारत ने उसकी शुरुआत बिगाड़ दी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यह 100वां टेस्ट मैच है।
पिछले 99 मुकाबलों में भारत ने 28 जीते और 43 हारे हैं। 27 मैच ड्रॉ तो एक टाई रहा है। पहला टेस्ट 1947 में खेला गया था। यह दूसरा देश है, जिसके खिलाफ भारत ने सौ मैच खेला, इससे पहले भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ 122 टेस्ट खेल चुकी है। भारत ने 88 साल (1932 से) के इतिहास में कुल 543 मैच खेले हैं, जिसमें से 157 जीते, 168 हारे और 217 ड्रॉ रहे हैं। एक टाई रहा है।