फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Year Ender 2025: खिलाड़ियों से छेड़छाड़ से लेकर फरहान-रऊफ के विवादित जश्न तक, क्रिकेट में इन वजहों से मचा बवाल

Tue, 30 Dec 2025 04:46 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

साल 2025 क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों के साथ-साथ विवादों का भी साल रहा। हाइब्रिड टूर्नामेंट मॉडल, सुरक्षा चूक, खेल भावना से जुड़े सवाल, निजी जिंदगी की सुर्खियां और राजनीतिक-प्रशासनिक टकराव, इन सभी ने मिलकर 2025 को ऐसा साल बना दिया जिसे क्रिकेट प्रेमी लंबे समय तक याद रखेंगे। यह साल याद दिलाता है कि क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि भावनाओं, जिम्मेदारियों और मूल्यों का भी प्रतिबिंब है।
विज्ञापन
1 of 10
साल 2025 के सबसे बड़े क्रिकेट विवाद - फोटो : ANI/PTI
साल 2025 विश्व क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों और तीखे विवादों का मिश्रण रहा। एक ओर भारतीय पुरुष टीम ने 12 साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर सूखा खत्म किया, दक्षिण अफ्रीका ने 27 साल बाद आईसीसी खिताब (वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप) जीता और भारतीय महिला टीम ने पहला विश्व कप अपने नाम किया। वहीं दूसरी ओर, कई ऐसे विवाद सामने आए जिन्होंने खेल से ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। इन घटनाओं ने न सिर्फ क्रिकेट की मर्यादाओं पर सवाल उठाए, बल्कि प्रशासन, सुरक्षा और खेल भावना पर भी बहस छेड़ दी।
विज्ञापन

2 of 10
एशिया कप 2025 - फोटो : ANI
1. हाइब्रिड मॉडल में खेली गई चैंपियंस ट्रॉफी
2025 की चैंपियंस ट्रॉफी शुरुआत से ही विवादों में रही। टूर्नामेंट की मेजबानी पाकिस्तान को मिली थी, लेकिन बीसीसीआई के विरोध के बाद इसे हाइब्रिड मॉडल में कराया गया। कुछ मैच पाकिस्तान में तो कुछ दुबई में खेले गए। इस फैसले पर क्रिकेट जगत दो हिस्सों में बंट गया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इसे मेजबानी अधिकारों से समझौता बताया, जबकि बीसीसीआई ने सुरक्षा कारणों का हवाला दिया। यह विवाद पूरे साल चर्चा में रहा।
विज्ञापन

3 of 10
बंगलूरू में हुई भगदड़ की तस्वीरें - फोटो : PTI
2. RCB की ऐतिहासिक जीत के बाद छाया मातम
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2025 में आखिरकार अपना पहला आईपीएल खिताब जीत लिया। 18 साल के लंबे इंतजार के बाद मिली इस खुशी का जश्न चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मातम में बदल गया। स्टेडियम के पास मची भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई। इस दर्दनाक हादसे ने आईपीएल जैसे भव्य आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए और RCB की ऐतिहासिक जीत हमेशा के लिए इस त्रासदी से जुड़ गई।

4 of 10
भारतीय ड्रेसिंग रूम का दरवाजा बंद कर लिया गया था और भारतीय खिलाड़ियों ने हाथ नहीं मिलाया - फोटो : Twitter
3. एशिया कप में भारत-पाकिस्तान हैंडशेक विवाद
एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव मैदान पर भी साफ दिखा। तीन मैचों के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से परहेज किया। टॉस के समय कप्तान सूर्यकुमार यादव द्वारा हाथ न मिलाना सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। विवाद तब और बढ़ गया जब फाइनल जीतने के बाद भारतीय टीम ने एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया।
विज्ञापन

5 of 10
रवींद्र जडेजा-बेन स्टोक्स - फोटो : PTI
4. जडेजा और सुंदर ने बेन स्टोक्स से हाथ मिलाने से किया इनकार
इंग्लैंड के खिलाफ ओल्ड ट्रैफर्ड टेस्ट में रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर अपने-अपने शतक के करीब थे। मैच ड्रॉ की ओर बढ़ रहा था, लेकिन इंग्लैंड कप्तान बेन स्टोक्स द्वारा हाथ मिलाने के प्रस्ताव को दोनों भारतीय बल्लेबाजों ने ठुकरा दिया। इस फैसले ने खेल भावना बनाम व्यक्तिगत उपलब्धि की बहस छेड़ दी और इंग्लिश मीडिया में इसे जमकर उछाला गया।
विज्ञापन

6 of 10
कोनराड और भारतीय टीम - फोटो : Twitter
5. शुक्री कोनराड का 'ग्रोवेल' बयान
दक्षिण अफ्रीका के कोच शुक्री कोनराड ने गुवाहाटी टेस्ट के दौरान भारत के खिलाफ अपनी टीम की रणनीति को लेकर 'ग्रोवेल' शब्द का इस्तेमाल किया। इस बयान को भारतीय क्रिकेट जगत ने अपमानजनक माना। अनिल कुंबले और चेतेश्वर पुजारा जैसे दिग्गजों ने इस शब्द चयन की आलोचना की और इसे अनावश्यक उकसावे वाला बताया।
विज्ञापन

7 of 10
स्मृति मंधाना, पलाश मुछाल - फोटो : सोशल मीडिया
6. स्मृति मंधाना की शादी रद्द
2025 में क्रिकेट के बाहर भी निजी जिंदगी से जुड़ा विवाद सामने आया। भारतीय महिला टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना की संगीतकार पलाश मुछाल से प्रस्तावित शादी रद्द होने की खबर ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। विश्व कप जीत के बाद आई इस खबर पर आधिकारिक बयान जारी किया गया। इस मुश्किल दौर में जेमिमा रोड्रिग्स द्वारा महिला बिग बैश लीग छोड़कर स्मृति के साथ खड़ा होना खेल जगत में संवेदनशीलता का उदाहरण बना। सारी तैयारियां हो चुकी थीं, 23 नवंबर को शादी होनी थी और उसी दिन अचानक खबर आई कि शादी टाल दी गई है। पहले तो मंधाना के पिता की तबीयत खराब होने की बात कही गई, लेकिन बाद में मंधाना और पलाश दोनों ने शादी के रद्द होने की पुष्टि की थी।
 

8 of 10
ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की खिलाड़ियों के साथ छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार - फोटो : ANI
7. महिला विश्व कप के दौरान इंदौर में सुरक्षा विवाद
महिला क्रिकेट विश्व कप के दौरान इंदौर में दो ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के साथ छेड़छाड़ की कोशिश की घटना ने पूरे क्रिकेट जगत को झकझोर दिया। होटल से कैफे जाते समय एक युवक द्वारा किए गए अशोभनीय व्यवहार पर तुरंत कार्रवाई हुई और आरोपी को गिरफ्तार किया गया। बीसीसीआई सचिव ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई।

9 of 10
नकवी के कहने पर ट्रॉफी लेकर निकलता एसीसी का अधिकारी - फोटो : ANI/PTI
8. एशिया कप ट्रॉफी का रहस्यमय मामला
एशिया कप जीतने के बाद भारत ने एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। भारतीय खिलाड़ियों ने प्रतीकात्मक ट्रॉफी के साथ जश्न मनाया, जबकि असली ट्रॉफी नकवी के साथ चली गई। हैरानी की बात यह रही कि साल के अंत तक भी वह ट्रॉफी भारत को नहीं मिली, जिससे यह मामला मजाक और विवाद दोनों का विषय बना रहा।
विज्ञापन

10 of 10
साहिबजादा फरहान-हारिस रऊफ - फोटो : ANI/ACC Youtube
9. साहिबजादा फरहान और हारिस रऊफ का विवादित सेलिब्रेशन
पाकिस्तानी खिलाड़ियों साहिबजादा फरहान और हारिस रऊफ के कुछ आक्रामक और इशारों वाले सेलिब्रेशन ने भी विवाद खड़ा किया। सोशल मीडिया पर इसे उकसावे वाला बताया गया और क्रिकेट में मर्यादा को लेकर नई बहस शुरू हुई। बाद में बुमराह ने मैदान पर ही इसका मुंहतोड़ जवाब दिया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें