न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में जीत के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन एक नाइटक्लब में हुई घटना के कारण जांच के घेरे में आ गए हैं। ECB ने इसे टीम प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताया है और मामला क्रिकेट रेगुलेटर को सौंप दिया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मामला इतना गंभीर है कि स्टोक्स अपनी कप्तानी को लेकर भी विचार कर रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों के दूसरे टेस्ट से बाहर रहने की संभावना है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में शानदार जीत दर्ज करने के कुछ ही घंटों बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम एक नए विवाद में घिर गई है। टीम के कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन पर इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने जांच शुरू कर दी है। दोनों खिलाड़ी सोमवार तड़के एक नाइटक्लब में मौजूद थे, जहां कथित तौर पर एक घटना हुई, जिसे ईसीबी ने टीम प्रोटोकॉल का उल्लंघन माना है।
विज्ञापन
2 of 6
स्टोक्स और मैकुलम
- फोटो : Twitter
ईसीबी ने शुरू की जांच
ईएसपीएन-क्रिकइनफो की रिपोर्ट के मुताबिक, ईसीबी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि पहले टेस्ट की समाप्ति के बाद टीम प्रोटोकॉल के उल्लंघन की जांच की जा रही है। बोर्ड ने पुष्टि की कि बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन उस समय नाइटक्लब में मौजूद थे जब यह घटना हुई। मामले की जानकारी क्रिकेट रेगुलेटर को भी दे दी गई है और आगे की जांच जारी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना एक विवाद के बाद हुई जिसमें गस एटकिंसन और एक अकादमी खिलाड़ी के बीच कहासुनी हुई थी। हालांकि किसी खिलाड़ी के घायल होने की सूचना नहीं है।
विज्ञापन
3 of 6
गस एटकिंसन
- फोटो : ANI
दूसरे टेस्ट से बाहर हो सकते हैं स्टोक्स और एटकिंसन
जांच पूरी होने तक दोनों खिलाड़ियों के 17 जून से द ओवल में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट में नहीं खेलने की संभावना जताई जा रही है। अगर स्टोक्स टीम से बाहर होते हैं तो उपकप्तान हैरी ब्रूक इंग्लैंड की कमान संभाल सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामला इतना गंभीर माना जा रहा है कि स्टोक्स अपनी कप्तानी को लेकर भी विचार कर रहे हैं। हालांकि ECB की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
4 of 6
बेन स्टोक्स
- फोटो : ANI
पहले भी विवादों में रहे हैं स्टोक्स
बेन स्टोक्स का करियर मैदान के भीतर जितना शानदार रहा है, मैदान के बाहर उतना ही विवादों से भी जुड़ा रहा है। वर्ष 2017 में ब्रिस्टल में एक वनडे मैच के बाद देर रात हुई सड़क पर मारपीट की घटना ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया था। हालांकि बाद में उन्हें कानूनी राहत मिल गई थी, लेकिन ECB ने खेल की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए उन पर जुर्माना लगाया था।
विज्ञापन
5 of 6
बेन स्टोक्स
- फोटो : PTI
इंग्लैंड टीम के अनुशासन पर फिर उठे सवाल
इंग्लैंड की ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान भी खिलाड़ियों के व्यवहार को लेकर काफी आलोचना हुई थी। इसके बाद टीम प्रबंधन ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए आधी रात का कर्फ्यू लागू किया था। हाल के महीनों में हैरी ब्रूक, जैकब बेथेल और बेन डकेट जैसे खिलाड़ियों से जुड़े विवाद भी सामने आए थे, जिससे टीम संस्कृति और अनुशासन को लेकर सवाल उठे थे।
मैकुलम और की पहले ही दे चुके थे चेतावनी
इंग्लैंड के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम ने कुछ समय पहले खिलाड़ियों को चेतावनी देते हुए कहा था, 'मैंने खिलाड़ियों से शुरुआत में ही कहा था कि ऐसा कुछ मत करो जिससे अखबारों की सुर्खियों में आना पड़े। आधी रात के बाद आमतौर पर कुछ अच्छा नहीं होता।'
वहीं टीम के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की ने भी खिलाड़ियों के शराब सेवन और अनुशासन को लेकर चिंता जाहिर की थी। उन्होंने माना था कि कुछ खिलाड़ी अवसर मिलने पर गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार कर सकते हैं और इसी वजह से टीम के लिए नए व्यवहारिक मानदंड तय किए गए थे। अब ईसीबी की जांच के नतीजे तय करेंगे कि यह मामला केवल अनुशासनात्मक कार्रवाई तक सीमित रहेगा या फिर इंग्लैंड क्रिकेट की सबसे बड़ी जिम्मेदारी संभाल रहे बेन स्टोक्स की कप्तानी पर भी इसका असर पड़ेगा।