फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पाकिस्तान का कोहली प्रेम: विराट की बैटिंग का क्रेज सियासत से परे.. प्रशंसक सिर्फ अच्छा क्रिकेट देखना चाहते हैं

सार

भारत और पाकिस्तान के राजनीतिक रिश्ते भले ही तल्ख हों, लेकिन दुबई में दोनों मुल्कों के बीच हुए क्रिकेट मैच के दौरान इस्लामाबाद में लोगों ने जिस तरह से अपनी टीम के बजाय कोहली की पारी का ज्यादा आनंद लिया, वह यही दर्शाता है कि प्रशंसक सिर्फ अच्छा क्रिकेट देखना चाहते हैं।
विज्ञापन
1 of 5
विराट कोहली - फोटो : ICC
दक्षिण एशिया में यह आम धारणा है कि दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमी सिर्फ एक मैच देखना चाहते हैं-भारत और पाकिस्तान के बीच, बाकी को वे टाइम-पास कहते हैं, और यह बात इस सप्ताहांत दुबई में सच भी साबित हुई, जब सर्वश्रेष्ठ भारतीय टीम ने पाकिस्तानी टीम को हरा दिया। मैच देखने के लिए पाकिस्तान के लोग घरों के अंदर रहे और सड़कें खामोश रहीं। जब मैच खत्म हुआ, तो अविश्वास की गहरी खामोशी छा गई।

पाकिस्तान में शुरू से गुस्सा और नाराजगी थी कि आखिर दोनों टीमें पाकिस्तान में क्यों नहीं खेल पा रहीं। मीडिया में पाकिस्तान में खेले जा रहे मैचों में सुरक्षा संबंधी खतरों से संबंधित खबरें आने को गंभीरता से लेते हुए पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने टेलीविजन पर आकर ऐसे सभी दावों को खारिज किया और कहा कि चैंपियंस ट्रॉफी ‘शांतिपूर्ण और कुशलता से’ खेली जा रही है।
विज्ञापन

2 of 5
विराट कोहली - फोटो : BCCI
भारतीय टीम को एक और लाभ यह है कि चैंपियंस ट्रॉफी में उसे अपनी पूरी शृंखला एक ही मैदान पर खेलने का मौका मिल रहा है तथा उसे पाकिस्तान के विभिन्न शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी, जैसा कि पाकिस्तान सहित अन्य विदेशी टीमें कर रही हैं। अमर उजाला के मेरे पाठक हैरान हो जाते, यदि वे पाकिस्तान में होते और देखते कि दुबई में हुए मैच पर पाकिस्तानी क्रिकेट प्रशंसक कैसी प्रतिक्रिया दे रहे थे। कई पाकिस्तानी क्रिकेट प्रशंसक सिर्फ दो पड़ोसियों को मैदान पर खेलते हुए देखने के लिए दुबई गए थे। सभी टिकट बिक चुके थे और वे बहुत महंगे थे। लेकिन दर्शकों के लिए संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का वीजा पाना एक बड़ा मुद्दा था, जिसे उच्चतम स्तर पर उठाया गया, जिसमें पाकिस्तान सरकार ने हस्तक्षेप किया और यूएई से शर्तों में ढील देने के लिए कहा, ताकि पाकिस्तानी क्रिकेट प्रेमी दुबई जा सकें।
विज्ञापन

3 of 5
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : BCCI
भारतीयों को यकीन नहीं होता, अगर वे इस्लामाबाद के नजदीक मरी की पहाड़ियों में रेडिसन ब्लू रिसॉर्ट के दृश्य देखते, जहां क्रिकेट प्रशंसकों के लिए बड़ी-बड़ी स्क्रीनें लगाई गई थीं। जब विराट कोहली ने पाकिस्तान को हराने के लिए अपने कुछ बेहतरीन क्रिकेट शॉट खेले, तब भी मरी में मौजूद भीड़ अपनी क्रिकेट टीम के बजाय कोहली और उनके शानदार शॉट्स का समर्थन कर रही थी। भीड़ वास्तव में शानदार क्रिकेट खेल का आनंद ले रही थी और भारतीय टीम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रही थी। इससे संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें पाकिस्तानी प्रशंसक पूछ रहे थे कि अगर यह पाकिस्तान के बजाय भारत होता, तो क्या भारतीय क्रिकेट प्रशंसक पाकिस्तानी टीम का समर्थन करते? इसकी वजह है, क्योंकि 2023 में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय दर्शकों ने जो किया, उसकी यादें ताजा हैं। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने कहा था, ‘स्टेडियम खचाखच भरा है और हम इसका लुत्फ उठाएंगे।’

4 of 5
विराट कोहली और शाहीन अफरीदी - फोटो : BCCI/PCB
दुबई में जब पाकिस्तानी प्रशंसकों की तरफ कैमरे की रोशनी पड़ी, जहां पाकिस्तानी लोग चैंपियंस ट्रॉफी का मैच देख रहे थे, तो उनमें से कई ने समर्थन दिखाने के लिए मैच के दौरान विराट कोहली की टी-शर्ट पहन रखी थी। वाकई में, दुबई में एक बहुत ही मजेदार पल कैमरे में कैद हुआ, जब एक पाकिस्तानी प्रशंसक अपनी घरेलू टीम का समर्थन करते हुए पारंपरिक हरे रंग की टी-शर्ट पहने हुए था, अचानक पाकिस्तानी टीम के खराब प्रदर्शन से परेशान होकर उसने तुरंत अपनी टी-शर्ट उतार दी और भारत की नीली जर्सी पहन ली! यह देख रहे पाकिस्तान के लोग हंस रहे थे, साथ ही स्टैंड में बैठे लोग भी हंस रहे थे, जहां हरे रंग की जगह नीली जर्सी पहनी गई थी।

यही खेल भावना है, जब कोई राजनीति नहीं होती और प्रशंसक शानदार क्रिकेट देखना चाहते हैं, चाहे कोई भी टीम खेल रही हो। दुबई में भारतीय टीम दर्शकों को शानदार क्रिकेट दिखाने के लिए तैयार होकर आई थी। पिछले कुछ समय से कोई खास प्रदर्शन नहीं कर रहे विराट कोहली ने शानदार पारी खेली और अपना 51वां एकदिवसीय शतक बनाया। यह वह क्षण था, जब उनके पाकिस्तानी प्रशंसक उछल-कूद कर उनके समर्थन में नारे लगाने लगे। यह क्रिकेट का सबसे बेहतरीन रूप था। 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
विराट कोहली (फाइल) - फोटो : BCCI
हरेक क्रिकेट मैच, विशेषकर चैंपियंस ट्रॉफी में, ऐसे महान क्षण होते हैं, जिन्हें हमेशा याद किया जाता है, जिन्हें कभी नहीं भुलाया जा सकता। मैंने कई पाकिस्तानी प्रशंसकों से पूछा कि वे कौन-से क्षण थे, जिन्हें वे हमेशा याद रखेंगे। उनमें से अधिकांश ने एक बहुत ही सुंदर दृश्य की ओर इशारा किया, जिसने वास्तव में क्रिकेट भावना को जीवित रखा और यह साबित किया कि पारंपरिक रूप से इसे ‘भद्र जनों का खेल’ कहा जाता है। मैच के दौरान जब पाकिस्तानी टीम बल्लेबाजी कर रही थी, तब कैमरे ने मैदान पर ध्यान केंद्रित किया, जहां पाकिस्तान के नसीम शाह नॉन-स्ट्राइकर छोर पर थे। जैसा कि सभी क्रिकेटरों के साथ होता है, उनके सफेद जूते के फीते खुल गए थे। पास में ही विराट कोहली खड़े थे, तो उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान से मदद मांगी। दोनों प्रतिद्वंद्वियों के बीच यह सबसे खूबसूरत दृश्य था, जब कोहली ने झुककर पाकिस्तानी बल्लेबाज के जूते के फीते बांधे।

असल में मैं इसे इस तरह से देखती हूं कि यह आम पाकिस्तानियों और भारतीयों के बीच की वास्तविकता है, जो हमेशा राजनीति में शामिल नहीं होते। यदि यह दृश्य पाकिस्तान में हो रहा होता, तो भीड़ खड़ी हो जाती और कोहली की जय-जयकार करती। मैच देख रही पाकिस्तानी महिला प्रशंसकों ने कहा, ‘बहुत अच्छा इन्सान है, ऐसे वक्त में भी अपनी बीवी को याद कर रहा है!’ असल में वे कोहली की ओर इशारा कर रही थीं, जो टीम इंडिया की जीत का जश्न अपनी शादी की अंगूठी को चूमकर मना रहे थे, जिसे उन्होंने अपने गले में एक चेन में पहना हुआ था, और अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा को प्यार भरा संदेश भेजा था। केवल कोहली में ही ऐसा आत्मविश्वास है कि वह क्रिकेट के मैदान पर ऐसा कुछ कर सकें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें