18 साल बाद हुए जाखल नगर पालिका चुनाव में शानदार नतीजे देखने को मिले। इस बार महिलाओं ने बाजी मारी है। कुल 13 वार्डों में से 7 में महिला पार्षद चुनी गई हैं। देखिए तस्वीरें में सभी विजेता...
विज्ञापन
2 of 14
हरियाणा चुनाव परिणाम
वार्ड नंबर एक में हरविंदर लाल 57 वोटों से जीते
इस वार्ड से हरविंदर लाला 57 वोटों से विजयी हुए हैं। इस वार्ड में त्रिकोणीय मुकाबला था। हरविंदर के अलावा इस वार्ड से लखवीर सिंह व स्वर्ण सिंह चुनावी मैदान में थे। स्वर्ण सिंह व लालवीर सिंह दोनों को ही 168-168 मत मिले जबकि हरविंदर को 225 वोट मिले। इस वार्ड में कुल 669 वोट थे लेकिन पोलिंग 567 वोट की हुई थी।
विज्ञापन
3 of 14
हरियाणा चुनाव परिणाम
वार्ड नंबर 2: वीरा रानी ने एकतरफा मुकाबले में ज्योति शर्मा को हराया
जाखल के वार्ड नंबर 2 में वीरा रानी व ज्योति शर्मा के बीच मुकाबला था। इस मुकाबले में वीरा रानी ने ज्योति शर्मा के मुकाबले लगभग दोगुने वोट हासिल किए। इस वार्ड में 925 वोट थे लेकिन पोलिंग में 792 वोट डाले गए। इसके बाद घोषित हुए नतीजों में वीरा रानी को 553 मत मिले जबकि उनके सामने खड़ी ज्योति शर्मा को 233 मत ही मिल पाए । 320 मतों से वीरा रानी विजयी घोषित हुई।
4 of 14
हरियाणा चुनाव परिणाम
वार्ड नंबर 3: सामान्य वार्ड में महिला उम्मीदवार ने दो पुरुष उम्मीदवारों को चटाई धूल
जाखल के वार्ड नंबर 3 में सबसे रोमांचक मुकाबला था। सामान्य वार्ड में दो पुरुष उम्मीदवारों के समक्ष एक महिला उम्मीदवार थी और बुधवार को सामने आए नतीजों में महिला उम्मीदवार ने ही बाजी मार ली। यहां पर मोनिका के सामने सतीश कुमार व अरूण कुमार चुनावी मैदान में थे। वार्ड में कुल वोट 879 थे जबकि 803 मत ही पोल हुए थे। इसमें से सतीश कुमार को 323, अरूण कुमार को 38 व विजयी उम्मीदवार मोनिका को 438 मत मिले।
विज्ञापन
5 of 14
हरियाणा चुनाव परिणाम
आमने-सामने की टक्कर में महिला उम्मीदवार कीर्ति ने हरीश को हराया
वार्ड नंबर 4: ये वार्ड सामान्य घोषित था। लेकिन इस वार्ड में भी पुरुष उम्मीदवार के सामने एक महिला उम्मीदवार ताल ठोक रही थी जिसके कारण इस वार्ड के नतीजे पर भी सबकी निगाहें थी। इस वार्ड में कीर्ति गोयल ने पुरूष उम्मीदवार हरीश कुमार के सामने ताल ठोकी थी। इस वार्ड में कुल वोट 664 थे जबकि 588 मत ही पोल हुए थे। जिसके बाद बुधवार को जब ईवीएम खुली तो उसमें कीर्ति गोयल के पक्ष में 463 व हरीश कुमार के पक्ष में महज 122 वोट ही निकले। कीर्ति गोयल इस वार्ड से 341 मतों से विजयी घोषित हुई हैं।
विज्ञापन
6 of 14
हरियाणा चुनाव परिणाम
वार्ड नंबर 5: चार महिला उम्मीदवारों में सीमा रानी को मिली जीत
महिला आरक्षित वार्ड में सबसे ज्यादा चार महिला उम्मीदवार मैदान में थी। वार्ड में कुल वोट 723 थे जबकि पोल 675 हुए। इस वार्ड में डिंपल को 195, वीना देवी को 105, सुमित्रा देवी को 108 व विजयी उम्मीदवार सीमा रानी को 262 वोट मिले। जो अपने निकटतम उम्मीदवार डिंपल से 67 वोट अधिक थे।
विज्ञापन
7 of 14
हरियाणा चुनाव परिणाम
वार्ड नंबर 6: इस वार्ड में पुरुष उम्मीदवार ने महिला उम्मीदवार को हराया
जाखल के कई अन्य वार्डों की तरह इस वार्ड में भी पुरुष उम्मीदवार के सामने महिला उम्मीदवार थी। लेकिन इस वार्ड में नतीजा बाकी वार्डों की तरह नहीं आया। इस वार्ड में गोबिंद ने महिला उम्मीदवार परमो देवी को 254 वोटों से हराया। इस वार्ड में कुल 597 वोट थे जिसमें से 578 लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया था। जाखल में इसी वार्ड में सर्वाधिक मत प्रतिशत रहा था।
8 of 14
हरियाणा चुनाव परिणाम
वार्ड नंबर 7: आमने-सामने के मुकाबले में स्वाति रानी ने मारी बाजी
महिला आरक्षित इस वार्ड में स्वाति रानी ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी गीता रानी को 129 मतों की लंबी लीड से हराया। इस वार्ड में आमने-सामने का मुकाबला था। वोटिंग के दिन इस वार्ड में कुल 542 वोट डाले गए जबकि कुल वोट 592 थे।
9 of 14
हरियाणा चुनाव परिणाम
वार्ड नंबर 8: चौतरफा मुकाबले में विक्रमजीत को मिली जीत, ढाका रहे दूसरे नंबर पर
जाखल में वार्ड नंबर 8 में चौतरफा मुकाबला था। ऐसा माना जा रहा था कि इसके चलते हार-जीत का अंतर काफी कम रह सकता है। लेकिन विक्रमजीत ने सब कयासों को धत्ता बताते हुए एक अच्छी लीड के साथ जीत हासिल किया है। कुल 530 मतों में से 472 मत पोल हुए जिसमें से विक्रमजीत को 202 मत मिले जबकि निकटतम प्रतिद्वंदी रहे मोनू ढाका को 168 मतों से ही संतोष करना पड़ा। बाकी दोनों उम्मीदवारों संदीप (42) व सुभाष चंद्र (56) के कारण विक्रमजीत चौतरफा मुकाबले में विजयी होकर पार्षद बनने में कामयाब रहे।
10 of 14
हरियाणा चुनाव परिणाम
वार्ड नंबर 9: सबसे नजदीकी मुकाबला इस वार्ड में, महज 10 वोट से जीते बिक्रम
जाखल नगर पालिका चुनावों में सबसे रोमांचक मुकाबला इसी वार्ड में देखने को मिला। पोलिंग के दिन जाखल के सभी वार्डों के मुकाबले इस वार्ड में सबसे कम 82 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। जिसका असर रिजल्ट पर भी देखने को मिला। यहां कुल 823 वोट थे लेकिन पोलिंग के दिन महज 676 वोट ही डाले गए। इसके बाद त्रिकोणीय मुकाबले में बिक्रम ने 317 वोट हासिल कर लिए जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंदी मनीषा उनसे महज 10 वोट ही कम रह गई। इस वार्ड में तीसरे उम्मीदवार रहे मांगेराम को महज 47 वोट मिले।
11 of 14
हरियाणा चुनाव परिणाम
वार्ड नंबर 10: त्रिकोणीय मुकाबले के बावजूद एकतरफा जीत हासिल करने में कामयाब रहे विकास कुमार
आमतौर पर ये देखा जाता है कि त्रिकोणीय मुकाबले में जीत हासिल करना सबसे मुश्किल होता है। लेकिन जाखल के वार्ड नंबर 10 में विकास कुमार ने इस मिथक को तोड़ दिया। त्रिकोणीय मुकाबले के बावजूद वो 270 मतों की विशाल जीत हासिल करने में कामयाब हुए। इस वार्ड में कुल 754 वोट थे और 90 फीसदी से अधिक मत प्रतिशत के साथ 684 मत डाले गए। बुधवार को नतीजों में विकास कुमार को जहां 459 मत मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी संदीप कुमार को 189 वोट मिले। इस वार्ड में तीसरे उम्मीदवार रहे लच्छा राम को महज 35 वोट ही मिले।
12 of 14
हरियाणा चुनाव परिणाम
वार्ड नंबर 11: चौरतरफा मुकाबले में अमित ने मारी बाजी, रोजी-शशी रहे सबसे नजदीक
जाखल नगर पालिका चुनावों में वार्ड नंबर 11 पूरे शहर का तीसरा ऐसा वार्ड था जहां मुकाबला चौतरफा था। इस चौतरफा मुकाबले में अमित कुमार 69 मतों से जीत हासिल कर पार्षद बन गए हैं। उनके सामने खड़े तीन में से दो उम्मीदवारों के वोट एक-दूसरे के नजदीक रहे। इस वार्ड से खड़ी महिला उम्मीदवार रोजी को जहां 93 मत मिले जबकि शशि सिंगला 99 मत लेकर दूसरे स्थान पर रहे।
13 of 14
हरियाणा चुनाव परिणाम
वार्ड नंबर 12: 29 वोटों से जीती नीति बंसल, मामूली अंतर से हारी निर्मला देवी
जाखल के वार्ड नंबर 12 महिला आरक्षित था। तीन उम्मीदवारों के चुनाव मैदान में आने के साथ ही ये मुकाबला त्रिकोणीय हो गया था। उ मीद के मुताबिक इस वार्ड में चुनाव काफी कड़ा रहा। इस वार्ड में कुल 711 वोट थे जबकि 654 मत डाले गए थे। इसके बाद बुधवार को सामने आए नतीजों में विजयी उम्मीदवार रही नीति बंसल ने 290 वोट हासिल किए जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंदी निर्मला देवी महज 29 वोट से पीछे रही। उन्हें 261 वोट मिले। तीसरी उम्मीदवार के तौर पर सुमन लता ने 98 वोट हासिल किए।
वार्ड नंबर 13: वोटिंग की जरूरत ही नहीं पड़ी सीमा गोयल के चयन के लिए, बनी निर्विरोध पार्षद
जाखल के इस वार्ड का फैसला वोटिंग के दिन से पहले ही हो गया था। चुनावों की घोषणा के दो दिन के अंदर ही इस वार्ड से सीमा गोयल का नाम पार्षद पद के लिए तय कर दिया गया था। इसी वजह से नामांकन के अंतिम दिन तक इस वार्ड में सीमा गोयल के अलावा किसी ने पार्षद पद के लिए नामांकन भी नहीं भरा। नामांकन वापिसी के अंतिम दिन सीमा गोयल का नामांकन सही पाए जाने के बाद ही ये तय हो गया था कि वो इस बार निर्विरोध चुनी जा चुकी हैं।