फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Haryana Election 2024: इंतजार खत्म, आज 12 बजे तय हो जाएगा... कांग्रेस लौटेगी सत्ता में या भाजपा लगाएगी हैट्रिक

Tue, 08 Oct 2024 08:02 AM IST
भूपेंद्र सिंह आशीष वर्मा, अमर उजाला ब्यूरो, चंडीगढ़

सार

Haryana Chunav Result 2024 :प्रदेश में अब तक किसी भी दल ने लगातार तीसरी बार सरकार नहीं बनाई है। भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने अपनी-अपनी जीत के दावे किए हैं।
विज्ञापन
1 of 12
राहुल गांधी-नरेंद्र मोदी। - फोटो : अमर उजाला
इंतजार की घड़ियां खत्म हो गई हैं। मंगलवार को 12 बजे तक तय हो जाएगा कि हरियाणा की सियासत में किसका मंगल होने वाला है। विधानसभा की सभी 90 सीटों पर मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे शुरू होगी और दोपहर तक तस्वीर साफ हो जाएगी कि भाजपा राज्य में तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है या कांग्रेस दस साल बाद सत्ता में वापसी करेगी। भाजपा तीसरी बार राज्य में कमल खिलाती है तो उसकी जीत हरियाणा के इतिहास में दर्ज होगी।

प्रदेश में अब तक किसी भी दल ने लगातार तीसरी बार सरकार नहीं बनाई है। भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने अपनी-अपनी जीत के दावे किए हैं। वहीं, इनेलो का दावा है कि किसी भी दल को बहुमत नहीं मिलेगा और सरकार बनाने में उसकी अहम भूमिका रहेगी। निर्दलीय उम्मीदवारों पर भी सबकी नजरें रहेंगी। किसी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने की स्थिति में निर्दलीय विधायकों की भूमिका बढ़ेगी।
विज्ञापन

2 of 12
दुष्यंत चौटाला। नायब सिंह सैनी। भूपेंद्र सिंह हुड्डा। - फोटो : संवाद
मुख्यमंत्री सीएम नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, इनेलो (इंडियन नेशनल लोकदल) के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला, पूर्व मंत्री अनिल विज, हरियाणा लोकतांत्रिक पार्टी के नेता गोपाल कांडा, मंत्री कंवरपाल गुर्जर, दिग्विजय चौटाला, पूर्व मंत्री राव दान सिंह जैसे दिग्गजों समेत 1031 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला तय होना है। कई चेहरे ऐसे भी हैं जिन पर सबकी निगाहे हैं।
विज्ञापन

3 of 12
जुलाना में विनेश फोगाट के सामने आप ने कविता दलाल को उतारा। - फोटो : संवाद
इनमें देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल, पेरिस ओलंपिक में पदक से चूकने वाली विनेश फोगाट, बंसीलाल की पोती श्रुति चौधरी व पौत्र अनिरुद्ध चौधरी, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती राव, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव के पुत्र चिरंजीव राव, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला के पुत्र आदित्य सुरजेवाला प्रमुख हैं। चुनावी रण में उतरे 11 मंत्रियों के अलावा भाजपा के 13, कांग्रेस के 28 समेत कुल 63 विधायकों में से कितने फिर विधानसभा की ड्योढ़ी पार करेंगे, यह भी तय होगा।

4 of 12
अभय चौटाला। - फोटो : @AbhaySChautala
कांग्रेस की सत्ता वापसी या भाजपा की हैट्रिक के साथ ही यह नतीजे हरियाणा के क्षेत्रीय दलों जननायक जनता पार्टी (जजपा) और इेनेलो का अस्तित्व भी तय करेंगे। पिछली बार जजपा के दस विधायक थे और सरकार में भाजपा के साथ थी। इनेलो से पिछली बार केवल एक ही विधायक बन पाया था। सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ी रही आम आदमी पार्टी के साथ ही इनेलो के साथ गठबंधन में 37 सीटों पर लड़ रही बसपा के लिए हरियाणा की सियासी जमीन कितनी माफिक है, यह भी तय होगा।
विज्ञापन

5 of 12
राहुल गांधी व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी - फोटो : ANI
किसके वादों व प्रचार का दिखेगा असर
भाजपा-कांग्रेस ने मतदाताओं को लुभाने के लिए घोषणा पत्र से लेकर 49 दिन के चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंके रखी। भाजपा को पहली बार हरियाणा में मुफ्त घोषणाओं का वादा करना पड़ा। भाजपा ने वादा किया कि यदि उसकी सरकार बनी तो वह महिलाओं को हर महीने 21 सौ रुपये उनके खाते में भेजेगी। दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की भी घोषणा की है। दूसरी तरफ कांग्रेस ने भी मुफ्त वादों की झड़ी लगा दी। महिलाओं को दो हजार रुपये, सामाजिक पेंशन छह हजार रुपये, 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने और दो लाख पक्की भर्ती का वादा किया है। प्रचार में दोनों दलों के दिग्गजों ने अपनी रैलियों व रोडशो से पूरे प्रदेश को नाप दिया। भाजपा की ओर से पीएम नरेंद्र मोदी ने चार और अमित शाह ने दस रैलियां की। वहीं, कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी ने आठ जनसभाएं व दो रोड शो किए। प्रियंका गांधी ने भी राहुल गांधी के साथ दो जनसभाएं व एक रोड शो करने के बाद अकेले दो विधानसभा क्षेत्रों में रैलियां कीं।
विज्ञापन

6 of 12
किसान आंदोलन के दौरान का फोटो।
सरकार बनाने में ये फैक्टर काम करेंगे
युवा :
हरियाणा में बेरोजगारी बड़ा मुद्दा रहा है। भाजपा ने बिना पर्ची-खर्ची के एक लाख 40 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी देने को चुनावी मुद्दा बनाया। वहीं, कांग्रेस ने बेरोजगारी के ही मुद्दे को उठाकर युवाओं से वोट मांगे। राज्य में 18 से 39 साल के युवाओं के करीब 94 लाख मतदाता हैं।

दलित वर्ग : हरियाणा में किसी की भी सरकार बनाने में दलितों की अहम भूमिका रही है। राज्य में करीब 21 फीसदी दलित हैं। 17 सीटें अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व हैं। भाजपा-कांग्रेस दोनों दलों ने दलित वर्ग को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

किसान : हरियाणा में 60 फीसदी से ज्यादा विधानसभा सीटें ग्रामीण इलाकों में हैं। भाजपा ने 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने का एलान किया है। वहीं, कांग्रेस ने एमएसपी पर कानून बनाने का वादा किया है। किसान आंदोलन का क्या असर रहता है, यह भी देखने वाली बात होगी।
विज्ञापन

7 of 12
भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह। - फोटो : एक्स हैंडल
समीकरण 1 - कांग्रेस जीतती है तो...
1. भाजपा को इतिहास बनाने से रोकेगी। हरियाणा में लगातार तीन बार किसी दल को मौका नहीं मिला।
2. जाट-दलित वोटों को लामबंद करने में कांग्रेस कामयाब रही।
3. भाजपा के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर का फायदा कांग्रेस को मिला।
4. किसान, पहलवान आंदोलन और अग्निवीर योजना के प्रति गुस्से को भुनाने में कांग्रेस सफल रही।
5. सीएम पद पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा की दावेदारी प्रबल रहेगी। कुमारी सैलजा या रणदीप सुरजेवाला के नाम पर कांग्रेस के अंदर ऊहापोह की स्थिति बन सकती है।

8 of 12
हरियाणा के कार्यवाहक सीएम नायब सैनी और पूर्व सीएम मनोहर लाल - फोटो : संवाद
समीकरण 2 - भाजपा जीतती है तो...
1. सत्ता विरोधी लहर का कार्ड नहीं चला।
2. पूर्व सीएम मनोहर लाल को हटाकर सीएम सैनी को मुख्यमंत्री बनाने का भाजपा हाईकमान का फैसला सही रहा।
3. जाट-दलित वोटों को धुव्रीकरण करने में कामयाब रही। ओबीसी व सामान्य वर्ग ने भाजपा का साथ दिया।
4. सीएम सैनी ही सीएम बनेंगे। भाजपा ने उन्हीं के चेहरे पर चुनाव लड़ा। हालांकि केंद्रीय मंत्री इंद्रजीत राव और पूर्व मंत्री अनिल विज भी दावा ठोक सकते हैं।

9 of 12
मनोहर लाल और दीपेंद्र हुड्डा - फोटो : संवाद
समीकरण 3 - किसी दल को बहुमत नहीं मिलता है तो...
1. जिस दल की भी सबसे ज्यादा सीटें होंगी, उसे सरकार बनाने का न्योता मिलेगा।
2. निर्दलीय विधायकों पर सबकी नजरें रहेंगी।
3. इनेलो-बसपा गठबंधन किसे समर्थन देता है। इस पर भी सबकी निगाहें रहेंगी। एग्जिट पोल में तीन से चार सीटों का अनुमान।
4. राज्यपाल पर भी निर्भर करेगा कि वह किसे सरकार बनाने के लिए बुलाते हैं।

10 of 12
भाजपा उम्मीदवार मनोहर लाल - फोटो : ANI
2019 की दलीय स्थिति
पार्टी          सीटें        मत प्रतिशत
  • भाजपा        40        36.49
  • कांग्रेस        31        28.08
  • जजपा        10        14.80
  • इनेलो        1             2.44
  • निर्दलीय      7        9.17
नोट - भाजपा ने जजपा और 6 निर्दलीयों के सहारे सरकार बनाई

2014 की दलीय स्थिति
पार्टी        सीटें        मत प्रतिशत
  • भाजपा        47        33.2
  • इनेलो        19        24.1
  • कांग्रेस        15        20.6
  • निर्दलीय        5        10.6
नोट - भाजपा ने पूर्ण बहुमत से सरकार बनाई।
 
2009 की दलीय स्थिति
पार्टी        सीटें        मत प्रतिशत
  • कांग्रेस        40        35.08
  • इनेलो        31          25.79
  • हजकां        6           7.4
  • भाजपा        4            9.04
  • निर्दलीय        7        13.16
नोट - निर्दलीय और गोपाल कांडा के सहयोग से कांग्रेस ने सरकार बनाई।

11 of 12
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली पत्रकारों को जानकारी देते। - फोटो : संवाद
कांग्रेस मुंगेरी लाल के सपने देख रही
कांग्रेस मुंगेरी लाल के सपने देख रही है। हमारी आंतरिक रिपोर्ट के मुताबिक हमें कांग्रेस से ज्यादा सीटें मिल रही हैं। बहुमत मिल रहा है। एग्जिट पोल मतदान के पहले के होते हैं। हमारे कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत कर लोगों का विश्वास जीता है। पूर्व विश्वास से कहता हूं कि हरियाणा में भाजपा सरकार बनाने जा रही है। -मोहन लाल बड़ौली, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा
विज्ञापन

12 of 12
सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा - फोटो : ANI
बहुमत से बनेगी कांग्रेस सरकार
दस साल में भाजपा ने हरियाणा में कुछ नहीं किया। इन दस सालों में हरियाणा पीछे जरूर चला गया। अब हरियाणा में एक नई शुरुआत होगी। कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। राज्य में बड़े बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनेगी। -दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद कांग्रेस
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें