कहते हैं, जहां मोहब्बत हो वहां दूरिया मायने नहीं रखती। लंदन का लड़का, एक हरियाणवी युवती के प्यार में ऐसा पड़ा कि स्पेशल दिल्ली आकर उससे शादी रचाई। इस शादी के बड़े चर्चे हैं। रिपोर्ट: मुकेश खुराना/फतेहाबाद
फतेहाबादी गर्ल सीए गुंजन ने सात समुंद्र पार लंदन में एक गोरे के साथ गाड़ी में सफर करते करते उसके जिंदगी की हमसफर बन गई। लंदन से दिल्ली आकर उसने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार 7 फेरे लिए और फतेहाबाद में रिसेप्शन पार्टी दी।
फतेहाबाद के राजीव बत्रा की बहन प्रीति की लड़की गुंजन 2003 में उच्च शिक्षा के लिए लंदन गई थी, जहां से उसने सीए की पढ़ाई की। गुंजन जिस कंपनी में ऑडिटर है। उसी कंपनी में इंग्लैंड के पीटर हीना भी जॉब करते हैं। गुंजन के पास गाड़ी नहीं थी, वह पीटर के साथ कंपनी आने जाने लगी।
पीटर 5 साल से गुंजन को गाड़ी से घर छोड़ता और कंपनी पहुंचाता रहा। इसी दौरान दोस्ती प्यार में बदली और दो साल पहले पीटर ने गुंजन के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। जिसे गुंजन ने सशर्त मान लिया। शादी से पहले गुंजन ने परिजनों से अनुमति लेने की बात कही। जिसके बाद पीटर व उसकी मां फतेहाबाद आए।
यहां पीटर ने गुंजन के परिवार से गुंजन का हाथ मांगा। जिसे गुंजन के परिजनों ने स्वीकार कर लिया। सितंबर माह में दोनों ने लंदन में शादी रचाई और पंजीकृत करवाया। इसी सप्ताह दोनों ने दिल्ली में भी हिंदू रीति-रिवाज से 7 फेरे लिए। गत दिवस सभी लोग फतेहाबाद आए।
राजीव बत्रा ने बताया कि गुंजन ने शादी से पूर्व ही परिवार से अनुमति ले ली थी। उनके स्वागत में यह भव्य कार्यक्रम रखा गया। कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य लोग शरीक हुए।