मानसून की शुरुआत हो चुकी है। इस दौरान भारी बारिश, बाढ़ और आंधी-तूफान जैसे प्राकृतिक आपदा से कार को नुकसान पहुंचने की आशंका ज्यादा रहती है। इससे बचने के लिए आप ऐसा कार बीमा खरीदें, जिसमें भारी इंजन कवर भी शामिल हो। आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस के संजय दत्ता बताते हैं कि प्राकृतिक आपदा से इंजन सीज होने को हाइड्रोस्टेटिक लॉक कहते हैं।
ऐसे मामलों में कंपनियां क्लेम नहीं देती हैं क्योंकि इसे दुर्घटना नहीं मानती हैं। मोटर वाहन कानून-1988 के मुताबिक, प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान ओन डैमेज कवर में शामिल होते हैं। इसलिए मानसून के दौरान ऐसा बीमा चुनें, जिसमें इंजन सुरक्षा एड-ऑन का विकल्प हो।
जरूर खरीदें इंजन प्रोटेक्टर
बजाज अलियांज जनरल इंश्योरेंश के मुताबिक, आमतौर पर बीमा खरीदते समय लोग ओन डैमेज (ओडी) कवर नहीं लेते हैं। मानसून के दौरान आने वाले कुल क्लेम में 30 फीसदी के पास ओडी कवर नहीं होता है। इस कारण इंजन सीज होने या किसी अन्य खराबी पर वाहन मालिक को खुद ही भुगतान करना पड़ता है। इससे बचने के लिए इंजन प्रोटेक्टर जरूर खरीदें।