यूनिवर्सिटी ऑफ नैरोबी से पढ़ने वाली सिलास नयानचावनी बताती हैं, "शुक्रवार की रात यूनिवर्सिटी हॉस्टल के बाहर देखिए, किसकी कार नहीं आती- मंत्रियों की, नेताओं की सब के ड्राइवर आकर युवा लड़कियों को ले जाते हैं।" हालांकि अब तक इस तरह का कोई आंकड़ा नहीं आया है, जिससे ये पता चले कि कितनी लड़कियां शुगर रिलेशन में हैं, लेकिन बीबीसी अफ्रीका की ओर से बोसारा सेंटर फॉर बिहेवयरियल इकॉनामिक्स ने एक अध्ययन किया है जिसमें 18 से 24 साल की 252 छात्राएं शामिल हुईं, इनमें 20 फीसदी छात्राओं ने अपना शुगर डैडी बनाया हुआ था। वहीं युवा लड़कियां ये मानती हैं कि उनके साथियों में करीब 24 फीसदी साथियों के शुगर डैडी हैं।
समाज में बदलाव के संकेत
ये सैंपल साइज बहुत छोटा है, लेकिन इससे कीनियाई समाज के इस बदलाव के संकेत जरूर मिल रहे हैं। ऐसी ही एक लड़की है 20 साल की जेन। जेन ने अपने लिए दो-दो शुगर डैडी तलाशे हुए हैं। ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही जेन बताती हैं कि उनके टॉम और जेफ से अलग अलग संबंध हैं। जेन कहती हैं, "वे मदद करते हैं, लेकिन हमेशा सेक्स के बदले ही नहीं। कई बार उन्हें बात करने के लिए, साथ रहने के लिए भी कोई चाहिए होता है।" जेन के मुताबिक उसने आर्थिक सुरक्षा के लिए ये फैसला लिया ताकि वह अपने से छोटी बहनों की मदद कर सकें। ऐसी ही लड़कियों की कहानी नैरोबी डायरी नामक रियलिटी टीवी शो में दिखाई जा रही हैं। जेन की तरह ही ब्रिजेट भी है। नैरोबी के झुग्गी झोपड़ी वाले इलाके काइबेरा में रहती हैं। वे घरों में काम करने वाली महिला थी, लेकिन अब सोशल मीडिया पर उनकी धमक है। उन्होंने अपना एक सेक्सी वीडियो शूट किया है, इसके बाद उनकी फॉलोइंग काफी बढ़ गई है।