"दो संभावनाएं हो सकती हैं या तो हम इस ब्रह्मांड में अकेले हैं या हम नहीं ये दोनों ही काफी डरावनी हैं।" मशहूर साइंस फिक्शन लेखक सर ऑर्थर सी क्लार्क द्वारा कही गई ये बात एक्स्ट्रा टेरेस्ट्रियल लाइफ को लेकर जेहन में कई सवाल पैदा करती है। परग्रही जीवन को लेकर पिछले लंबे समय से खोजबीन जारी है। हालांकि, उनके अस्तित्व की पहेली को लेकर अभी तक कोई हल नहीं निकला है।
इस बीच कई लोगों ने अज्ञात उड़नतश्तरियों और एलियंस से जुड़ी गतिविधियों को देखने का दावा किया है। हालांकि, उनके दावों में कितनी हकीकत है और कितना फसाना इस बारे में कोई कुछ नहीं जानता। वहीं दूसरी तरफ अमेरिका के ऊपर समय समय पर ये आरोप भी लगते आए हैं कि उसने एलियंस और यूएफओ से जुड़ी कई घटनाओं को छुपाया है।
साल 1947 के रोजवेल में यूएफओ के क्रैश होने की घटना को कौन भूल सकता है? कई लोगों का कहना है कि इस दौरान क्रैश हुए यूएफओ में एलियन का शव बरामद हुआ था, जिसे अमेरिकी सरकार ने छुपा दिया। वहीं इन दिनों अमेरिकी रक्षा एजेंसी द्वारा यूएफओ पर की गई एक जांच खूब सुर्खियां बटोर रही है।