Snake Facts & Myths: हिंदू धर्म में सांप को एक शक्तिशाली प्रतीक माना जाता है। भारत में सापों की पूजा की जाती है। भगवान शिव ने अपने गले में नाग को धारण किया हुआ है, तो वहीं भगवान विष्णु सात सिर वाले शेषनाग की शैय्या पर आराम करते हैं। पौराणिक कथाओं में खास शक्तियों वाले सांपों के सैकड़ों संदर्भ पाए जाते हैं। ऐसे में सांपों को लेकर हजारों मान्यताएं और मिथक पैदा हो गए हैं। इनमें से अधिकांश मिथक सपेरों द्वारा फैलाए जाते हैं, जैसे, ''सांप दूध पीते हैं, सांपों के माथे पर नागमणि होता है, या दो सिर वाला सांप होता है।'' आपने भी इस तरह की कई बातें जरूर सुनी होंगी, लेकिन इनमें कितनी सच्चाई हैं, आइए आज हम आपको बताते हैं और सांप से जुड़े कुछ मिथकों को दूर करते हैं।
क्या दूध पीते हैं सांप?
अक्सर सुनने को मिलता है सांप दूध पीते हैं। कई लोग सांप को नाग पंचमी के दिन दूध भी पिलाते हैं, लेकिन क्या सच में सांप दूध पीते हैं? दरअसल, सांप दूध नहीं पीते बल्कि पानी पीते हैं। सांप सरीसृप हैं और उनका दूध से कोई संबंध नहीं है। सिर्फ स्तनधारी जीव ही दूध का उत्पादन कर सकते हैं। इस प्रकार गैर-स्तनधारी जीवों में दूध के प्रति रुचि नहीं होती है। लेकिन डिहाइड्रेशन की स्थिति में सांप कोई भी उपलब्ध तरल पी सकता है।