Saudi Arabia Vertical City: कच्चे तेल के पैसे से कमाई करने वाला सऊदी अरब दुनिया का आठवां अजूबा बनाएगा। सऊदी अरब ऐसा शहर बसाने जा रहा है जिसे अभी तक आपने साइंस फिक्शन फिल्मों में ही देखा होगा। इस शहर की चौड़ाई सिर्फ 200 मीटर होगी जबकि इसकी लंबाई 161 किलोमीटर होगी और ऊंचाई 500 मीटर होगी जिसमें कांच लगे होंगे।
सबसे खास बात यह है कि इस पूरे शहर को नवीकरणीय ऊर्जा से संचालित किया जाएगा। इस शहर में सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, बायोमॉस और हाइड्रो पावर से पैदा हुई बिजली की सप्लाई की जाएगी। सऊदी अरब ने इस शहर को 'द लाइन' नाम दिया है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य के शहर को बसाने की यह परियोजना है। प्रदूषित दुनिया में इस शहर के नागरिकों को स्वच्छ हवा मिलेगी। यहां पर बिजनेस के लिए दफ्तर, बच्चों के लिए स्कूल और कॉलेज, मनोरंजन के लिए पार्क भी वर्टिकल ही बनाए जाएंगे।