NASA Black Hole Sound: ब्रह्मांड में न जाने कितने रहस्य छिपे हैं। वैज्ञानिक भी अभी तक इन रहस्यों से पर्दा नहीं उठा पाए हैं। अंतरिक्ष में ब्लैक होल एक ऐसा ही रहस्य है। अंतरिक्ष में स्थित ब्लैक होल एक ऐसी जगह है जहां पर भौतिक का कोई भी नियम काम नहीं करता है। ब्लैक होल ब्रह्मांड का ऐसा सघन ऑब्जेक्ट है जिसमें गुरुत्वाकर्षण इतना अधिक है कि इससे रोशनी भी बच कर नहीं निकल सकती। ब्लैक होल का निर्माण विशाल तारों के अंदर होने वाले महाविस्फोट (सुपरनोवा) के कारण होता है।
विज्ञान का दायरा बढ़ने के साथ ही ब्लैक होल के कई रहस्यों का पता लगा है, लेकिन आज भी कई रहस्य हैं। ब्लैक होल के आसपास की सामग्री से इलेक्ट्रो मैग्नेटिक रेडिएशन के तीव्र विस्फोट होते हैं। धमाके के बाद जब प्रकाश तेजी से बाहर आते हैं, तो गैस और धूल के बादलों में चमक पैदा होती है। यह सिर्फ कोहरे में जलने वाली किसी गाड़ी की लाइट की तरह नजर आती है। इसके साथ एक्स रे भी बाहर आते हैं। अब अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने प्रतिध्वनियों के जरिए ब्लैक होल V404 साइगनी की आवाज को बनाया है।