संसाधनों पर कब्जे की लड़ाई
कैंब्रिज यूनिवर्सिटी के डायटर लुकास के साथ हचर्ड ने हाल ही में स्तनधारी जानवरों में मादा शिशु-हत्या पर एक रिपोर्ट तैयार की है। उनकी रिपोर्ट की समीक्षा अभी तक नहीं हुई है, लेकिन इससे स्तनधारी समुदायों में हत्यारी माताओं की व्यापकता को समझने में मदद मिलती है। 289 प्रजातियों में से 30 फीसदी प्रजातियों में शिशु-हत्या के मामले पाए गए। हचर्ड का कहना है कि दूसरे के बच्चों को मारना जीवन की सच्चाई है। जब भी मादाओं को इसके फायदे दिख रहे हों, तब वे ऐसा कर देंगी। हचर्ड और लुकास को लेम्यूर (मैडागास्कर में मिलने वाले बंदरों की एक प्रजाति), सील, सी लायन, भालू, बिल्ली, चमगादड़, चूहे और गिलहरियों में शिशु हत्या के उदाहरण मिले। शिशु-हत्या स्पष्ट रूप से किसी एक समूह या निवास-स्थान तक सीमित नहीं थी, लेकिन कई मामलों में उनमें महत्वपूर्ण संबंध थे।