फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेल्फी जरूरी है या जिंदगी, जाहिर है जिंदगी...तो रिस्क क्यों लेते हैं जनाब

Thu, 14 Jan 2021 11:23 AM IST
योगेश जोशी फीचर डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 6
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : Pixabay

उसने काली रंग की पैंट, काली जैकेट, काले जूते और हाथों में सफेद दस्ताने पहन रखे थे। उसके हाथों में मोबाइल फोन था। उसमें फ्रंट कैमरा था। उसे अपनी सेल्फी लेने का शौक था। उसने अपने फेसबुक पेज पर ऐसी कई सेल्फी लगा रखी थी।

रविवार की दोपहर वो अपने पापा की दुकान पर था। तभी उसने ट्रेन की आवाज सुनी। उसे ट्रेन की छत पर खड़े होकर सेल्फी लेनी थी। वो आनन-फानन में पास के मायल रेलवे स्टेशन पहुंचा। वहां तेल के टैंकरों वाली मालगाड़ी खड़ी थी। उसके लिए यह सेल्फी लेने का अवसर था।वो एक बोगी की छत पर चढ़ा। मुस्कुराया और सेल्फी लेने के लिए जैसे ही अपना दाहिना हाथ ऊपर उठाया, वह ऊपर से गुजर रहे हाइटेंशन बिजली के तार से छू गया। उसे जोर का झटका लगा और वह जिंदा जलने लगा। बिजली के करंट और इस कारण उसके शरीर में लगी आग से तड़पते हुए उसकी मौत हो गई। इसमें कुछ ही मिनट लगे। फिर उसका शरीर ट्रेन की छत से नीचे गिर गया। उसकी उम्र सिर्फ 14 साल थी। नाम- सत्यम सोनी। पिता का नाम- संतोष कुमार सोनी। घर- चितरपुर, ज़िला- रामगढ़, राज्य- झारखंड। वह अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था।

विज्ञापन

2 of 6
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया

अब बतौर संतान उसके मां-बाप के पास सिर्फ एक बेटी है, जो बार-बार अपने भाई के बारे में पूछ रही है। लेकिन, घर वाले उसे जवाब नहीं दे पा रहे हैं।

सत्यम के पिता किसी से बात नहीं कर पा रहे हैं। वे सदमें में हैं। वे और उनके अधिकतर रिश्तेदारों की चितरपुर बाजार में बर्तनों की दुकान है। उसके दादा गंगा प्रसाद ने बीबीसी को बताया कि सत्यम की तबीयत थोड़ी खराब थी। वह घर से अपने पापा की दुकान पर आया, ताकि उसके पापा और चाचा घर जाकर खाना खा सकें। ऐसा हुआ भी। जब वे लोग खाना खाकर दुकान वापस लौट आए, तो सत्यम को खाने के लिए घर भेजा। लेकिन, वह घर जाने के बजाए अपने दोस्तों के साथ मायल स्टेशन चला गया और यह हादसा हो गया।

उन्होंने कहा, "हमें लगा कि वह घर गया है। चितरपुर में संडे बाजार लगा था, इसलिए भीड़ थी। तभी कुछ लोग हमारे पास आए और बताया कि एक लड़का स्टेशन पर जिंदा जल गया है। लोग उसे देखने जा रहे थे। हमलोग तब बैठे रहे, क्योंकि दुकान खुली थी। फिर कुछ और लोग आए और यही बात कही, तब हमलोग स्टेशन गए। वहां सत्यम की लाश पड़ी थी। पुलिस वालों ने उसे तौलिए से ढक दिया था। हमारे ऊपर मुसीबतों का पहाड़ टूट गया है। क्या पता हमें किस गलती की सजा मिली है।"

विज्ञापन

3 of 6
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : Pixabay
  • कैसे हुई घटना

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने उसे ट्रेन की छत पर चढ़ते नहीं देखा, सिर्फ यह देखा कि वह जल रहा है और चिल्ला रहा है। उसे बचाने की कोशिश होती, उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। मायल के स्टेशन मास्टर मुकेश कुमार ने बताया कि वह मालगाड़ी दोपहर 3.42 पर यहां आकर रुकी थी और 3.55 बजे यह हादसा हुआ।रांची रेल मंडल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी नीरज कुमार ने बीबीसी से कहा, "हमें उस युवक की मौत का बहुत दुख है। जिंदगी अनमोल है। ट्रेन की छत पर चढ़ना जानलेवा हो सकता है। जैसा कि इस घटना में हुआ है। लोगों को ऐसा नहीं करना चाहिए।"

4 of 6
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : social media
  • पहले भी गई हैं कई जानें

सत्यम की मौत के कुछ ही दिन पहले गुमला जि्ले के छिडिया जलप्रपात में पिकनिक मनाने गई 14 साल की पुनीता कुजूर सेल्फी लेने के क्रम में 40 फीट नीचे खाई में गिर गईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जून 2019 में पिस्टल के साथ सेल्फी लेने के क्रम में गोली चल जाने से साहिबगंज जिले के पवन पासवान नामक युवक की मौत हो गई थी। इससे पहले फरवरी 2019 में ट्रेन के सामने सेल्फी लेने के दौरान 20 साल के फैसल की मौत हो गई थी। देश और दुनिया में इस तरह की कई और घटनाएं हुई हैं।

विज्ञापन

5 of 6
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : social media
  • सेल्फी के दौरान होने वाली सर्वाधिक मौतें भारत में

अखिल भारतीय आर्युविज्ञान संस्थान (एम्स) के छात्रों के किए गए शोध के मुताबिक सेल्फी लेने के दौरान दुनिया में होने वाली सर्वाधिक मौतें भारत में हुई हैं। इसके बाद रूस, अमेरिका और पाकिस्तान का नंबर है। इन छात्रों ने अक्तूबर 2011 से नवंबर 2017 के बीच के आंकड़ों के आधार पर दावा किया कि उस दौरान सेल्फी लेने के क्रम में हुई 137 दुर्घटनाओं में कुल 259 लोगों की मौतें हुईं।उनका यह शोध पत्र 'अ बून और बेन' शीर्षक से 'जर्नल ऑफ फैमिली मेडिसीन ऐंड प्राइमरी केयर' में प्रकाशित हुआ था। दुनिया में यह अपनी तरह का पहला शोध था। शोध के मुताबिक सेल्फी लेने के क्रम में जान गंवाने वालों में 72.5 फीसद पुरुष और 27.5 फीसद महिलाएं शामिल हैं। अगम बंसल, चंदन गर्ग, समीक्षा गुप्ता और अभिजीत के उस रिसर्च ने यह इशारा भी किया कि जान गंवाने वाले लोगों में ज्यादा संख्या युवाओं और टीनएजर्स की है।

विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : social media
  • ऐसी घटनाएं रोकने का क्या है उपाय?

केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. संजय मुंडा कहते हैं, "सोशल मीडिया के प्रचलन के कारण लोग अपनी अधिक से अधिक तस्वीरें उतार कर उसे फेसबुक या दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करना चाहते हैं। इसके लिए वे इस हद तक रिस्क लेते हैं कि उनकी तस्वीरों पर लाइक्स मिलें। कई ऐसे लोग हमसे परामर्श या इलाज के लिए आते हैं, उनमें ऐसी प्रवृति डेवलप पाई गई।"

वे कहते हैं, "इस प्रवृति के चिकित्सीय इलाज के बजाए आत्मनियंत्रण बेहतर उपाय है.लोगों को समझना होगा कि उनकी जिंदगी कीमती है। उनका जिंदा रहना उनके परिवार वालों के लिए सेल्फी और सोशल मीडिया से ज्यादा जरूरी है। अगर लोग इसपर गंभीरता से सोचें, तो सेल्फी के कारण होने वाली मौतों की संख्या कम की जा सकती है।"

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें