बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस ने खून का गोरखधंधा करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में एक प्रेमी युगल गिरफ्तार किया गया है। इनका नेटवर्क मेडिकल कॉलेज सहित कई अस्पतालों तक फैला था। पकड़े गए आरोपी वाट्सएप ग्रुप बनाकर खून की कालाबाजारी करते थे।
जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरपुर पुलिस ने खून का गोरखधंधा यानी कालाबाजारी करने वाले एक बड़े गिरोह के दो शातिर सदस्यों को पकड़ा है। दोनों शहर के कई निजी अस्पताल से लेकर SKMCH मेडिकल कॉलेज तक में अपना काला धंधा चला रहे थे। इस धंधे में शामिल खुद आरोपी मो. इमरान अपनी प्रेमिका मुस्कान परवीन की मदद से इसको किया करता था। आरोपी भोली-भाली महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर टारगेट करता था। इसकी एवज में वह मोटी रकम लेता था। इस मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस की बनाई गई टीम ने मामले में एक आरोपी को पकड़ा। उसके बयान पर इस गिरोह में शामिल उसकी महिला मित्र मुस्कान को भी पकड़ लिया गया।