मुजफ्फरपुर जिले में आवारा कुत्तों के आतंक की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला बोचहा थानाक्षेत्र के विशनपुर जारंग आथर गांव का है। जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने एक छह वर्षीय मासूम बच्चे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, उमेश साह का बेटा बबलू शाम को खेलते समय आवारा कुत्तों का शिकार बन गया। कुत्तों के झुंड ने मासूम को चारों तरफ से घेर लिया और हमला कर दिया। कुत्तों ने बबलू का बायां कान नोच डाला, सिर के बाल उखाड़ दिए और सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई। इसके अलावा शरीर की कई जगहों पर काटकर उसे लहूलुहान कर दिया। बच्चे की चीखें सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी जान बचाई। तुरंत उसे शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसके सिर का ऑपरेशन किया और टूटी हड्डियों को जोड़ने का काम किया। बबलू फिलहाल आईसीयू में भर्ती है।