जमुई में रविवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद और पथराव के बाद प्रशासन ने एहतियातन जिले में 48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी थी, जो दूसरे दिन भी जारी रही। इंटरनेट सेवा ठप होने के कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर उन लोगों को दिक्कत हो रही है, जिनका रोजमर्रा का काम इंटरनेट पर निर्भर है। कई लोग अपने जरूरी ऑनलाइन कार्य निपटाने के लिए लखीसराय, देवघर या अन्य सीमावर्ती जिलों का रुख कर रहे हैं। सरकारी विभागों में आंशिक रूप से इंटरनेट चालू है, लेकिन अधिक लोड के कारण कामकाज बाधित हो रहा है।