मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना समाहरणालय के नवनिर्मित भवन का शिलापट्ट अनावरण कर एवं फीता काटकर उदघाटन किया। सीएम मुख्यमंत्री ने समाहरणालय परिसर एवं बेसमेंट का मुआयना किया। नवनिर्मित समाहरणालय भवन के बेसमेंट, भूतल से लेकर पांचवे तल तक उपलब्ध कराई गई सुविधाओं एवं पदाधिकारियों के बैठने के लिए व्यवस्थाओं के बारे में अधिकारियों ने 'मॉडल' के माध्यम से मुख्यमंत्री को जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे आज पटना समाहरणालय के नवनिर्मित भवन का उदघाटन करके काफी प्रसन्नता हो रही है। हमने इसके लिए काफी प्रयास किया था और हम जैसा चाहते थे, वैसा ही यह भवन बनकर तैयार हो गया है। इस तरह का समाहरणालय भवन देश में कही नहीं है। अधिकारियों को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका रख-रखाव ठीक ढंग से हो इसका विशेष रूप से ख्याल रखें। पटना समाहरणालय भवन का काफी सुंदर तरीके से निर्माण हुआ है। यहां सौर ऊर्जा अधिष्ठापित होने से काफी फायदा होगा, इससे बिजली की बचत होगी।