कैलिफोर्निया में एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो किशोरों ने बिना ड्राइवर वाली 'वेमो रोबोटैक्सी' (Waymo Robotaxi) के भीतर हुड़दंग करने की कोशिश की। लेकिन उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि गाड़ी का अपना दिमाग और सुरक्षा सिस्टम भी है। जैसे ही गाड़ी के भीतर नियमों का उल्लंघन हुआ, इस ऑटोनॉमस टैक्सी ने तुरंत अधिकारियों से संपर्क किया, खुद को एक सुरक्षित पार्किंग लॉट में खड़ा किया और तब तक वहां जमी रही जब तक कि पुलिस ने आकर दोनों हुड़दंगियों को हिरासत में नहीं ले लिया। सन मेटियो पुलिस विभाग ने इन दोनों 15 वर्षीय किशोरों को पकड़ लिया है।
यह घटना अब पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बन चुकी है, जिसने सेल्फ-ड्राइविंग वाहनों के सुरक्षा तंत्र (सेफ्टी सिस्टम) और आपातकालीन स्थितियों में उनके ऑनबोर्ड कैमरों व माइक्रोफोन की उपयोगिता को साबित कर दिया है।