Volkswagen India (फॉक्सवैगन इंडिया) ने अपनी नई एसयूवी T-Roc (टी-रॉक) भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में लॉन्च कर दी है। Volkswagen T-Roc कंपनी की इंडिया 2.0 प्रॉजेक्ट के तहत आई नई कार है। यह कंपनी के नए उत्पादों की श्रृंखला का हिस्सा है और Tiguan AllSpace (टिगुआन ऑलस्पेस) के बाद इस महीने दूसरी लॉन्चिंग है।
Volkswagen T-Roc भारत में CBU (कंप्लीट बिल्ट यूनिट) के तौर पर बेची जाएगी। यानी यह पूरी तरह बनी हुई यूनिट्स के रूप में आएगी। कंपनी ने भारत में इस एसयूवी को सिर्फ एक वेरिएंट में लॉन्च किया है, जिसमें बहुत से दमदार फीचर्स मिलेंगे। चूंकि यह CBU है इसलिए जाहिर सी बात है कि कंपनी इसकी बिक्री सीमित संख्या में करेगी। कंपनी ने फरवरी महीने में आयोजित Auto Expo 2020 में इस एसयूवी पर से पर्दा उठाया था और तभी इसकी बुकिंग शुरू कर दी थी। फॉक्सवैगन इंडिया इस एसयूवी की बिक्री के लिए युवा ग्राहकों को लक्ष्य कर रही है और कंपनी के अनुसार उसे इस कार के लिए 300 से अधिक बुकिंग मिल चुकी हैं।
इंजन
Volkswagen T-Roc में 1.5-लीटर का पेट्रोल इंजन है, जो 147 bhp का पावर और 240 Nm पीक टॉर्क पैदा करता है। इस इंजन में 7-स्पीड DSG ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन दिया गया है। T-Roc की अधिक्तम रफ्तार 205 किलोमीटर प्रति घंटा है। यह कार सिर्फ 8.4 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड पकड़ लेती है।
फीचर्स
Volkswagen T-Roc में LED DRL (डेटाइम रनिंग लाइट्स), प्रोजेक्टर लेंस हेडलैम्प, ऑटो क्लाइमेट कंट्रोल, 8.0-इंच टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ, वर्चुअल कॉकपिट, डुअल टोन अलॉय व्हील्ज और लेदर अपहोल्स्ट्री जैसे फीचर्स मिलते हैं।
डायमेंशन
डायमेंशन की बात करें तो Volkswagen T-Roc लंबाई 4229 mm और व्हीलबेस 2595 mm है। इस एसयूवी में अच्छा कैबिन स्पेस मिलता है।
सुरक्षा फीचर्स
सुरक्षा के लिए T-Roc एसयूवी में 6-एयरबैगस, ABS, ESC, फ्रंट-रियर पार्किंग सेंसर्स और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे कई फीचर्स मिलते हैं।
मुकाबला
Volkswagen T-Roc का भारतीय बाजार में Jeep Compass (जीप कंपस), MG Hector (एमजी हेक्टर), Tata Harrier (टाटा हैरियर), Kia Seltos (किआ सेल्टॉस) और Hyundai Creta (ह्यूंदै क्रेटा) जैसी एसयूवी कारों से मुकाबला है।