Triumph Motorcycles (ट्रायम्फ मोटरसाइकिल) ने भारतीय बाजार में अपनी नई बाइक Tiger 900 (टाइगर 900) को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसे तीन वेरिएंट में लॉन्च किया है। नई टाइगर 900 को कंपनी की पॉपुलर टाइगर 800 के रिप्लेंसमेंट के तौर पर पेश किया गया है। यह बाइक भारत में CBU (कम्प्लीटली बिल्ट यूनिट) की तरह मिलेगी, यानी यह पूरी तरह से बनी हुई होगी।
टाइगर 900 को मई के महीने में उतारा जाना था, लेकिन महामारी के प्रकोप के चलते इसकी लॉन्चिंग में देरी हुई। हालांकि, कंपनी पिछले कुछ महीनों में तीन नई बाइक - 2020 Street Triple RS (2020 स्ट्रीट ट्रिपल आरएस), Black Editions of Bonneville T100 और T120 motorcycles (बोनेविले टी 100 और टी 120 मोटरसाइकिल के ब्लैक एडिशन) को लॉन्च किया है।
इंजन
Triumph का दावा है कि बाइक में दिए गए 900 cc, इनलाइन-ट्रिपल इंजन को नए 'सियामी' लाइनर्स के साथ डिजाइन किया गया है जिससे इंजन का पावर और टॉर्क आउटपुट बढ़ जाता है। यह इंजन 93.9 PS का पॉवर और 87 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। इस इंजन में 6-स्पीड ट्रांसमिशन दिया गया है। इसके बारे में कहा गया है कि यह कुछ ट्विन-सिलेंडर जैसा है और 1-3-2 फायरिंग ऑर्डर के फीचर से लैस है।
फीचर्स
नई Tiger 900 बाइक में फीचर और उपकरणों के मामले में कई महत्वपूर्ण अपडेट किए गए हैं। इसमें चार अलग-अलग इंफोर्मेंशन लेआउट और रंगों के साथ एक नया 7-इंच टीएफटी इंस्ट्रूमेंट कंसोल दिया गया है। इसमें GoPro कंट्रोल, हीटेड ग्रिप्स और हीटेड सीट्स की खासियत वाला My Triumph कनेक्टिविटी सिस्टम भी मिलता है, जिसमें अलग-अलग पिलियन कंट्रोल, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), इलेक्ट्रॉनिक क्रूज कंट्रोल, बाई-डायरेक्शनल क्विक-शिफ्टर जैसे कई नए फीचर्स मिलते हैं।
कीमत
ऑल-न्यू एडवेंचर टूअर बाइक के बेस वेरिएंट GT की एक्स-शोरूम कीमत 13.70 लाख रुपये से शुरू होती है। इसके Rally वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 14.35 लाख रुपये है और टॉप मॉडल Rally Pro वेरिएंट की कीमत 15.50 लाख रुपये है। Triumph जुलाई में 2020 Street Triple RS (2020 स्ट्रीट ट्रिपल आरएस) की कीमतों में भी बढ़ोतरी करने वाली है।