ईवी क्षेत्र में भारत की अग्रणी कार निर्माता कंपनी Tata Motors (टाटा मोटर्स) अपनी सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी Tata Punch (टाटा पंच) का इलेक्ट्रिक वर्जन पेश करने की तैयारी कर रही है। ऑल-न्यू टाटा पंच ईवी इस त्योहारी सीजन में भारत में लॉन्च की जाएगी। अपने आधिकारिक डेब्यू से पहले, पंच ईवी को एक बार फिर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। लेटेस्ट स्पाय तस्वीरों से पता चलता है कि टाटा पंच ईवी में आईसीई मॉडल की तुलना में ज्यादा फीचर्स मिलेंगे।
लुक, डिजाइन और फीचर्स
डिजाइन के मामले में, आगामी टाटा पंच ईवी काफी हद तक अपने आईसीई मॉडल के जैसी ही होगी। हालांकि इसमें कुछ मामूली बदलाव देखने को मिलेंगे जो इसे एक खास इलेक्ट्रिक लुक देगी। पंच ईवी ढेर सारे फीचर्स से लैस होगी। इसके कुछ मुख्य फीचर्स की बात करें तो इसमें एक नया टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील, एक 360-डिग्री पार्किंग कैमरा, सभी चार पहियों पर डिस्क ब्रेक, नए एयरोडायनामिक अलॉय व्हील्स और बहुत कुछ शामिल होंगे।
बैटरी और रेंज
पंच ईवी टाटा की पहली इलेक्ट्रिक कार होगी जो ALFA प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी। इसमें 25 kWh बैटरी पैक मिलने और एक बार चार्ज करने पर लगभग 250 से 300 किमी की ड्राइविंग रेंज मिलने की उम्मीद है। उम्मीद की जा सकती है कि इसकी इलेक्ट्रिक मोटर लगभग 60 बीएचपी का पावर जेनरेट करेगी। इस सब-कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक एसयूवी में फास्ट चार्जिंग ऑप्शन भी मिलनी चाहिए।
कीमत और मुकाबला
नई टाटा पंच ईवी इस त्योहारी सीजन में भारत में लॉन्च की जाएगी। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 10 लाख रुपये होने की उम्मीद है और यह देश की सबसे किफायती इलेक्ट्रिक एसयूवी साबित हो सकती है। टाटा पंच ईवी का सीधा मुकाबला Citroen eC3 से होगा।