अगर आप दिल्ली में गाड़ी चलाते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। दिल्ली सरकार ने राजधानी में प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए No PUC, No Fuel यानी वैध प्रदूषण सर्टिफिकेट नहीं तो ईंधन नहीं वाली नीति लागू कर दी है। इसके साथ ही एक नवंबर से राष्ट्रीय राजधानी में नॉन-BS6 (Non-BS6) वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
ऐसे में अपनी गाड़ी का पॉल्यूशन अंडर कंट्राेल यानी PUC सर्टिफिकेट जांचना जरूरी हो गया है। नहीं तो आपको भारी चालान चुकाना पड़ सकता है। इतना ही नहीं, पेट्रोल पंपों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे वैध PUCC के बिना गाड़ियों को ईंधन (रिफिल) न दें। ऐसे में मुश्किल से बचने के लिए कार मालिकों को सलाह दी जाती है कि वे पेट्रोल पंप पहुंचने से पहले घर बैठे ऑनलाइन अपने PUC की वैधता जरूर जांच लें।
कैसे चेक करें अपना पीयूसी स्टेटस?
इसके लिए किसी ऑफिस के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। आप घर बैठे आसानी से आधिकारिक सरकारी पोर्टल के जरिए कुछ ही मिनटों में पीयूसी की जांच कर सकते हैं। इसके लिए नीचे बताए गए इन स्टेप्स को फाॅलो करें....
- सबसे पहले आधिकारिक परिवहन वेबसाइट खोलें।
- इसके बाद ऑनलाइन सर्विस सेक्शन में जाएं और पीयूसी का विकल्प चुनें।
- अब अपने वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें।
- इसके बाद अपने चेसिस नंबर के आखिरी पांच कैरेक्टर, जो आपकी आरसी यानी RC पर छपे होते हैं, उन्हें डालें।
- अब स्क्रीन पर आया कैप्चा कोड भरकर पीयूसी डिटेल्स पर क्लिक करें।
- ऐसा करते ही स्क्रीन पर आपका सर्टिफिकेट नंबर, वैधता की तारीखें और टेस्ट में दर्ज एमिशन यानी की उत्सर्जन रीडिंग सामने आ जाएगी।
- जानकारी भरते समय रजिस्ट्रेशन नंबर और चेसिस नंबर को ध्यान से जांचें। नंबर या अक्षर गलत दर्ज होने पर रिकॉर्ड नहीं दिख सकता।